स्वतंत्रता दिवस को लेकर कबीरधाम पुलिस अलर्ट, होटल-ढाबों में BDS और डॉग स्क्वॉड की जांच

कवर्धा। स्वतंत्रता दिवस को लेकर कबीरधाम पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस ने प्रमुख चौक-चौराहों, कार्यक्रम स्थलों, बस स्टैंड, बाजार और आउटर क्षेत्रों में पेट्रोलिंग व चेकिंग बढ़ा दी है। कवर्धा शहर में BDS टीम और डॉग स्क्वॉड के साथ होटल, ढाबों और संवेदनशील स्थानों की सघन जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार व अमित पटेल के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है। सिटी कोतवाली, महिला थाना, साइबर थाना और पुलिस लाइन के बल के साथ सुरक्षा टीमों को तैनात किया गया है।

नशे में वाहन चलाने वालों पर भी नजर: सुरक्षा जांच के साथ पुलिस शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच कर रही है। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की तलाशी लेकर अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री व परिवहन पर भी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने होटल-लॉज, ढाबा संचालकों, व्यापारियों और आम लोगों से सहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने या किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से राष्ट्रीय पर्व को सुरक्षित और गरिमामय तरीके से मनाने की अपील की है।

