भोरमदेव अभयारण्य में 2 से 8 अक्टूबर तक वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह, रैली से होगा शुभारंभ
कवर्धा। सेवा संकल्प अभियान के तहत कवर्धा वनमंडल में 2 से 8 अक्टूबर तक वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह मनाया जाएगा। वनमंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल के निर्देशन और भोरमदेव अभयारण्य की अधीक्षक अनिता साहू के मार्गदर्शन में सप्ताहभर विद्यार्थियों, युवाओं, पर्यटकों और आमजन को वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सप्ताह का शुभारंभ 2 अक्टूबर को सुबह 7 बजे भोरमदेव कार्यक्रम मैदान से वन्यजीव जागरूकता रैली के साथ होगा। रैली नामदेव होटल के पास से शुरू होकर शनि मंदिर तक जाएगी। इसके बाद भोरमदेव मैदान से शनि मंदिर तक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
3 अक्टूबर को चिल्फी स्कूल में स्कूली छात्रों के लिए जागरूकता सत्र और भोरमदेव अभयारण्य में स्थानीय युवाओं के लिए गाइडेड वन नाइट-लाइफ अनुभव होगा। 4 अक्टूबर को भोरमदेव से थावरझोल तक नेचर वॉक में प्रशिक्षित गाइड तितलियों की पहचान और अवलोकन कराएंगे। 5 अक्टूबर को करियाआमा गेट पर कॉलेज विद्यार्थियों के लिए ‘अपने जंगल को जानो’ एक्सपोजर विजिट होगी।
6 अक्टूबर को काष्ठागार डिपो, कवर्धा में फ्रंट लाइन स्टाफ के लिए वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया (WTI) द्वारा कॉरिडोर, अवैध गतिविधियों, ट्रैप कैमरा और गश्ती से जुड़े विषयों पर संवेदीकरण कार्यक्रम होगा। 7 अक्टूबर को आत्मानंद स्कूल और सरस्वती शिशु मंदिर में वन्यजीव फिल्म प्रदर्शन, क्विज और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता होगी। विशेषज्ञ बलबीर विश्वकर्मा स्टोन पेंटिंग के माध्यम से वन्यजीव एवं प्रकृति संरक्षण पर संवाद करेंगे।
8 अक्टूबर को वनमंडल कवर्धा में समापन समारोह होगा। इसमें रील्स और वन्यजीव फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
वन विभाग ने विद्यार्थियों, आमजन, स्वयंसेवी संस्थाओं और पर्यटकों से कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की है। विभाग ने वन क्षेत्रों में प्लास्टिक व अन्य कचरा नहीं फेंकने, निर्धारित स्थान पर कचरे का निपटान करने तथा वन्यजीवों और प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान नहीं पहुंचाने का आग्रह किया है। विभाग ने कहा कि वनों की स्वच्छता और वन्यजीवों का संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
