भूपेश बघेल मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं : भाजपा

प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू का तीखा पलटवार : अपनी सियासी जमीन बचाने के लिए बघेल कर रहे हैं अनर्गल प्रलाप
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा है कि बघेल इन दिनों ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के पुरुषार्थ व पराक्रम और प्रदेश की जनता-जनार्दन के असीम स्नेह व विश्वास ने जिस तरह भूपेश बघेल के मुख्यमंत्रित्व काल के कुशासन को 2023 में सत्ता से उखाड़ फेंका, उससे न केवल बघेल, अपितु पूरा कांग्रेस नेतृत्व सदमे और सन्निपात के दौर से गुजर रहा है। इसी हताशा में वे इस प्रकार के अनर्गल प्रलाप की नियति का शिकार हो गए हैं।भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती साहू ने कहा कि आज भूपेश बघेल की न केवल छत्तीसगढ़ की राजनीति में, बल्कि स्वयं कांग्रेस पार्टी के भीतर भी कोई राजनीतिक प्रासंगिकता शेष नहीं रह गई है। वे अपनी ही पार्टी में पूरी तरह अलग-थलग पड़ गए हैं। श्रीमती साहू ने तंज कसते हुए कहा कि राजनीतिक हाशिये पर जा चुके श्री बघेल इस तरह की बयानबाजी करके केवल अपने डूबते हुए सियासी वजूद को बचाने की जद्दोजहद कर रहे हैं। कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर निशाना साधते हुए श्रीमती साहू ने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी की दिल्ली रैली में छत्तीसगढ़ के अधिकांश नेताओं के न पहुँचने पर प्रदेश नेतृत्व को अपने ही नेताओं को नोटिस देने का मन बनाना पड़ रहा हो, उस बिखरी हुई पार्टी की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। ऐसे हालात में कांग्रेस के ‘वन-वे लीडर’ बन चुके भूपेश बघेल यदि भाजपा के एक इनोवा कार में सिमट जाने की हास्यास्पद कल्पना करते हैं, तो उन्हें यह खुशफहमी मुबारक हो। श्रीमती साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस के पिछले कार्यकाल के भ्रष्टाचार और कुशासन को भूली नहीं है, इसलिए बघेल को मुंगेरीलाल के सपने देखने के बजाय अपनी पार्टी के भीतर बचे-खुचे जनाधार की चिंता करनी चाहिए।


