G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAMungeliखास-खबर

मुंगेली जिले को 465 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, मुख्यमंत्री साय ने किया 77 कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, 3100 रुपए प्रति क्विंटल मिलेगा समर्थन मूल्य; कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की मिलेगी आदान सहायता

कंतेली में महाविद्यालय एवं पंचायत भवन निर्माण की घोषणा, सड़क, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर सरकार का जोर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गांव, गरीब, किसान, मजदूर, माताओं-बहनों और युवाओं का सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का संकल्प है। यह बात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मुंगेली जिले को 465 करोड़ 40 लाख रुपए से अधिक के 77 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 68 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से पूर्ण हुए 24 कार्यों का लोकार्पण तथा 397 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के 53 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस संकल्प को साकार करने में छत्तीसगढ़ भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक गांव, जिला और परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े।

सड़क, सिंचाई और पेयजल सुविधाओं का होगा विस्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में लगभग 143 करोड़ रुपए की लागत से 25 सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। इनसे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। वहीं अमृत मिशन 2.0 के तहत 203 करोड़ रुपए से अधिक की जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन किया गया है।

इसके साथ ही जल संसाधन विभाग के 40 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के 11 कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनसे सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों को कृषि उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।

कंतेली में महाविद्यालय और पंचायत भवन की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम कंतेली में महाविद्यालय भवन एवं पंचायत भवन निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका तथा ग्राम कोदवा से खुर्शी तक सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्य की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। महाविद्यालय भवन बनने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए सुविधा मिलेगी।

15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, 3100 रुपए प्रति क्विंटल मिलेगा मूल्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होगी। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन्हें मिलाकर प्रदेश में लगभग 3100 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से खरीदी की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

कृषक उन्नति योजना से प्रति एकड़ 13,839 रुपए की सहायता

मुख्यमंत्री ने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपए की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए किसानों को धान की निर्धारित पूरी मात्रा का विक्रय करना अनिवार्य नहीं होगा। निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी सत्यापित रकबे और पात्रता के आधार पर सहायता राशि का लाभ मिलेगा।

68 लाख महिलाओं को मिल रहा महतारी वंदन योजना का लाभ

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के अंतर्गत अब तक 33 किस्तों में 21 हजार 340 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण परिवार और समाज की मजबूती का आधार है।

हेल्पलाइन 1076 और डिजिटल सेवाओं से सुशासन को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल तथा ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के माध्यम से सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने की बात भी कही। साथ ही श्रीरामलला दर्शन योजना को प्रदेशवासियों की आस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा- मुंगेली में बह रही विकास की बयार

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने जिले को मिली विकास कार्यों की सौगात पर नागरिकों को बधाई दी। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में मुंगेली जिले में सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल और अन्य अधोसंरचनात्मक कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुंगेली नगरीय निकाय क्षेत्र के लिए एक हजार करोड़ रुपए से अधिक की स्वीकृति मिल चुकी है।

मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता राशि एवं सामग्री वितरित कर लाभान्वित किया।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page