G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

जल जन बाइक रैली का बोड़ला में भव्य स्वागत, सांसद जसवंत सिंह ने दिया जल संरक्षण और सेवा का संदेश

बोड़ला/कवर्धा। गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही जल जन बाइक रैली का मंगलवार को बोड़ला में भव्य स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत निकाली जा रही रैली मध्यप्रदेश की सीमा धवईपानी से कबीरधाम जिले में पहुंची। भाजयुमो पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली की अगवानी करते हुए उसे बोड़ला के हिंदू संगम परिसर तक पहुंचाया।

हिंदू संगम परिसर में गुजरात से पहुंचे 200 से अधिक युवाओं और बाइकर्स का बैंड-बाजे, आतिशबाजी और पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। रैली के साथ चल रहे दाहोद, गुजरात के सांसद जसवंत सिंह सुमनभाई ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वडनगर से वाराणसी तक की यह यात्रा सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है।

युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर

सांसद जसवंत सिंह ने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार और नवाचार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसे अभियानों के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा को संगठन की शक्ति बनाकर विकसित भारत के संकल्प में योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने जल संरक्षण, ग्रामीण विकास और जनजातीय क्षेत्रों के विकास से जुड़े कार्यों का उल्लेख करते हुए वनबंधु कल्याण योजना और ज्योतिग्राम जैसी योजनाओं की जानकारी दी। सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से काम कर रही है। उन्होंने जल के संरक्षण और उसके उपयोग को लेकर भी लोगों को जागरूक किया।

वनवासियों के साथ पंगत में बैठे सांसद

रैली के दौरान सांसद जसवंत सिंह ने बोड़ला ब्लॉक के वनांचल क्षेत्र से पहुंचे बैगा आदिवासी समाज के लोगों के साथ पंगत में बैठकर भोजन किया। इस दौरान उन्होंने वनवासी समाज के लोगों से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा उनके लाभ के संबंध में चर्चा की। सांसद का वनवासी समाज के साथ भोजन करना कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।

स्वच्छता का संदेश देते हुए सांसद ने सफाई कर्मियों का भी सम्मान किया और उन्हें साल-श्रीफल भेंट किया।

धवईपानी से कार्यकर्ताओं ने की अगवानी

मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा धवईपानी से कबीरधाम जिले के भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रैली के साथ शामिल हुए। उन्होंने रैली को बोड़ला तक पहुंचाया। हिंदू संगम परिसर पहुंचने पर रैली का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में सांसद संतोष पांडे, यात्रा प्रभारी अवधेश चंदेल, सह प्रभारी एवं भाजपा प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार भट्ट, जिला महामंत्री मुकेश ठाकुर एवं नितेश अग्रवाल, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष पियूष ठाकुर, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल, वरिष्ठ नेता विदेशी राम धुर्वे, भाजयुमो जिलाध्यक्ष उमंग पांडे सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गुजरात से आए बाइकर्स मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page