सुशासन तिहार 2026: बेहतर समन्वय के लिए अधिकारियों की ड्यूटी तय
विश्वराज ताम्रकार
खैरागढ़ : राज्य शासन के निर्देशों के अनुरूप जिले में सुशासन तिहार 2026 के सफल आयोजन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस क्रम में जिला प्रशासन ने कार्यक्रम के तीनों चरणों को सुव्यवस्थित, प्रभावी और परिणाममुखी बनाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जारी अर्द्धशासकीय पत्र के परिपालन में कलेक्टर द्वारा यह व्यवस्था लागू की गई है, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
जारी आदेश के अनुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल को पूरे आयोजन का प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। उनके साथ डिप्टी कलेक्टर रेणुका रात्रे को नगरीय क्षेत्र के लिए सहायक प्रभारी तथा उप संचालक जिला पंचायत गीत कुमार सिन्हा को ग्रामीण क्षेत्र के लिए सहायक प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं जमीनी स्तर पर बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए सहायक परियोजना अधिकारी प्रकाशचंद्र तारम को ग्रामीण क्षेत्र का समन्वयक और नगरपालिका परिषद खैरागढ़ के मुख्य नगरपालिका अधिकारी पुनीत कुमार वर्मा को नगरीय क्षेत्र का समन्वयक बनाया गया है। इसके अलावा जिला समन्वयक उमेश कुमार तिवारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर मिथलेश ठाकुर, द्वारिका साहू (सहायक ग्रेड-03), दुर्गेश ठाकुर (सहायक ग्रेड-02) एवं डुटेन्द्र साहू (डाटा एंट्री ऑपरेटर) को सहायक के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से लागू रहेगी। जिले में सुशासन तिहार के माध्यम से आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जाएगा।


