दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को विजय शर्मा समेत जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि

गृह ग्राम भेंड्रा में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा, परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस

बालोद। दिवंगत विधायक स्व. श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को श्रद्धांजलि देने बुधवार को उनके गृह ग्राम भेंड्रा में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने दिवंगत विधायक के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन समाज और सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण, सरल व्यवहार और लोगों से आत्मीय जुड़ाव हमेशा याद किया जाएगा।

श्रद्धांजलि सभा में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, सतनामी समाज की गुरु दीदी प्रियंका, पूर्व विधायक सांवलाराम डाहरे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, नगर पालिका दल्लीराजहरा अध्यक्ष तोरन लाल साहू, नगर पंचायत गुंडरदेही अध्यक्ष प्रमोद जैन और कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।



