एकता नगर में छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाने वाले पुलिस अधिकारियों से मिले विजय शर्मा, महिला कमांडो के साहस की सराहना

राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में छत्तीसगढ़ पुलिस, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और एसटीएफ ने किया था शानदार प्रदर्शन, उप मुख्यमंत्री ने जवानों के साथ भोजन कर सुने अनुभव

रायपुर। गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले पुलिस अधिकारियों से उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साहस, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। साथ ही अधिकारियों के साथ भोजन कर परेड से जुड़े अनुभव भी साझा किए।
विजय शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य परेड में छत्तीसगढ़ के जवानों की सहभागिता पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि परेड का सीधा प्रसारण देखने के दौरान जवानों को पूरे आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ कदमताल करते देखना भावुक और गौरवपूर्ण क्षण था। जवानों ने राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ के साहस, संघर्ष और बदलते बस्तर की तस्वीर प्रस्तुत की।
महिला कमांडो के प्रदर्शन ने जीता दिल
उप मुख्यमंत्री ने बस्तर फाइटर्स की महिला कमांडो के प्रदर्शन की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस आत्मविश्वास और दृढ़ता के साथ बस्तर की बेटियों ने मार्च पास्ट किया, वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है। कभी नक्सल हिंसा और भय के लिए पहचाने जाने वाले क्षेत्रों की बेटियां आज राष्ट्रीय मंच पर अपने साहस और सामर्थ्य का प्रदर्शन कर रही हैं। यह बदलते बस्तर की नई पहचान है।
वर्षों के संघर्ष और बलिदान की गाथा पहुंची राष्ट्रीय मंच पर
परेड में शामिल अधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन के लिए उन्होंने लंबे समय तक कठिन अभ्यास किया था। देशभर के सुरक्षा बलों के साथ एक मंच पर प्रदर्शन करना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा। अधिकारियों ने कहा कि परेड के माध्यम से देश को बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ी गई लड़ाई, जवानों के बलिदान और शांति की दिशा में हो रहे बदलाव की जानकारी देने का अवसर मिला।
विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सुरक्षा बलों ने कठिन परिस्थितियों में साहस और समर्पण के साथ नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक संघर्ष किया है। आज बस्तर हिंसा और भय के अतीत से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की ओर आगे बढ़ रहा है। इस बदलाव में जवानों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
इन अधिकारियों ने संभाली थी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में डीएसपी बृज किशोर यादव ने द्वितीय कमान अधिकारी की जिम्मेदारी निभाई। वे वर्तमान में बीजापुर जिले के कुटरू में एसडीओपी हैं। डीएसपी जितेंद्र कुंभकार आरक्षित टू-आईसी रहे, जो वर्तमान में सुकमा जिले के कोंटा में एसडीओपी पदस्थ हैं।
डीएसपी कुलदीप बंजारे ने डीआरजी की पुरुष टुकड़ी का नेतृत्व किया, जबकि शरद जायसवाल आरक्षित कमांडर रहे। डीएसपी अमृता पैकरा ने डीआरजी एवं बस्तर फाइटर्स की महिला टुकड़ी का नेतृत्व किया। कविता ध्रुवे आरक्षित महिला कमांडर रहीं। वहीं डीएसपी प्रवीण भारती एसटीएफ टुकड़ी के आरक्षित अधिकारी रहे।
उप मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों के समर्पण, मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि जवानों ने राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उनका साहस और अनुशासन पुलिसकर्मियों के साथ युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

