12.50 लाख की चोरी का खुलासा, पिता-पुत्र गिरफ्तार; 11.53 लाख रुपए बरामद

कवर्धा । सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मझगांव में घर से हुई 12.50 लाख रुपए की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 लाख 53 हजार रुपए बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार चोरी की वारदात बेटे कमलेश पटेल (19) ने की थी, जबकि चोरी की रकम छिपाने में उसके पिता भागवत पटेल (50) ने सहयोग किया।

पुलिस के मुताबिक मझगांव निवासी हीरालाल साहू ने 24 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच घर में रखे 12.50 लाख रुपए चोरी हो गए। घटना के समय परिवार के लोगों ने गमछे से चेहरा ढके एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से निकलते देखा था।
पुराने मकान की छत से घर में दाखिल हुआ
जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी कमलेश का पुराना मकान हीरालाल साहू के मकान से जुड़ा हुआ है और दोनों मकानों की छत से आवाजाही संभव है। पुलिस के अनुसार गणेश चतुर्थी के दिन गांव के लोग पंडाल में व्यस्त थे। इसी दौरान शाम को आरोपी पुराने मकान में पहुंचा और अंधेरा होने का इंतजार किया।
इसके बाद वह छत के रास्ते हीरालाल के घर में दाखिल हुआ। कमरे का बल्ब निकालकर अलग रखने के बाद उसने आलमारी का लॉकर खोला और उसमें रखे 500, 200 और 100 रुपए के नोटों के बंडल तथा पर्स लेकर अपने पुराने मकान में पहुंच गया। रकम को बाद में कार्टून में रखकर छिपा दिया।

पिता को बताया, खेत के बोर के कमरे में भी रखी रकम
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अगले दिन कमलेश ने चोरी की जानकारी अपने पिता भागवत पटेल को दी। इसके बाद दोनों ने रकम को पुराने मकान से निकालकर नए मकान में रखा। बाद में चोरी की रकम को खेत में बने बोर के कमरे में भी रखा गया। बारिश के दौरान रकम वापस लाकर घर की आलमारी में रखी गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर 11.53 लाख रुपए बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार चोरी की कुछ रकम खर्च भी की गई। कमलेश ने करीब 47 हजार रुपए खाने-पीने आदि में खर्च करना बताया, जबकि भागवत द्वारा करीब 50 हजार रुपए वाहन बनवाने और पार्ट्स खरीदने में खर्च करने की जानकारी दी गई।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी जितेंद्र कुमार यादव के निर्देश पर साइबर थाना और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम बनाई गई थी। टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, संदिग्ध गतिविधियों और तकनीकी जानकारी का विश्लेषण करते हुए आरोपियों की पतासाजी की। दोनों आरोपियों को 29 सितंबर को उनके मकान से पकड़ा गया।
कार्रवाई में एएसपी हेमसागर सिदार, एएसपी अमित पटेल, एसडीओपी अखिलेश कौशिक व प्रशांत देवांगन के निर्देशन में सिटी कोतवाली प्रभारी लालजी सिन्हा, साइबर थाना प्रभारी उमाशंकर राठौर सहित पुलिस टीम की भूमिका रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


