एक किलोमीटर लंबे तोरवा छठ घाट पर चला स्वच्छता अभियान, श्रमदान से चमका अरपा तट
50 से अधिक स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान, छठी मैया के जयकारों से गूंजा घाट
खरना का प्रसाद ग्रहण कर व्रतियों ने शुरू किया 36 घंटे का निर्जला उपवास, आज अस्ताचलगामी सूर्य को देंगे अर्घ्य
बिलासपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा को लेकर बिलासपुर के अरपा नदी तट स्थित तोरवा छठ घाट पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शनिवार को छठ पूजा समिति के 50 से अधिक स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर करीब एक किलोमीटर लंबे घाट की साफ-सफाई की। छठी मैया के जयकारों के बीच स्वयंसेवकों ने झाड़ू लगाकर घाट को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया।

छठ महापर्व के आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए शनिवार सुबह से ही समिति के सदस्य जुटे रहे। इस दौरान घाट की सफाई के साथ रंग-रोगन, पुल की पुताई, आकर्षक सजावट और विद्युत साज-सज्जा का कार्य भी कराया गया। समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।
इधर, घरों में खरना की पारंपरिक तैयारियां की गईं। व्रतियों ने विधि-विधान से खरना पूजन कर प्रसाद ग्रहण किया और इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लिया। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। वहीं सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा। तोरवा छठ घाट पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
26 वर्षों से कायम है सामूहिक छठ महापर्व की परंपरा
बिलासपुर में छठ महापर्व का सामूहिक आयोजन पिछले 26 वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के संयुक्त प्रयासों से शुरू हुई यह परंपरा आज शहर की सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। शुरुआती दौर में बिहार और उत्तर भारत से जुड़े परिवारों तक सीमित रहने वाला यह आयोजन अब समाज के सभी वर्गों की सहभागिता का उत्सव बन गया है। छठ पूजा ने भाषा, क्षेत्र और समाज की सीमाओं से ऊपर उठकर सामाजिक एकता का संदेश दिया है।
एशिया के सबसे बड़े स्थायी छठ घाट के रूप में पहचान
अरपा नदी के तोरवा तट पर विकसित छठ घाट अपनी विशालता और स्थायी स्वरूप के लिए विशेष पहचान रखता है। इसे एशिया के सबसे बड़े मानव निर्मित स्थायी छठ घाट के रूप में जाना जाता है। पर्व के दौरान यहां हजारों श्रद्धालु एक साथ सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। सजे हुए सूप, फल, दीप और पारंपरिक पूजा सामग्री से पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो जाता है।
चार दिनों तक होती है सूर्यदेव की आराधना
छठ महापर्व चार दिनों तक मनाया जाता है। 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ पर्व की शुरुआत हुई। इस अवसर पर माता अरपा की महाआरती भी की गई। 14 नवंबर को खरना का अनुष्ठान संपन्न हुआ। 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रती पारण करेंगे। इस महापर्व में शुद्धता, संयम, आस्था और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना का विशेष महत्व है।
डूबते और उगते सूर्य की उपासना देता है समान सम्मान का संदेश
छठ महापर्व की सबसे खास विशेषता यह है कि इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है। संध्या अर्घ्य के माध्यम से अस्ताचलगामी सूर्य के प्रति कृतज्ञता प्रकट की जाती है, वहीं सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर नई ऊर्जा, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाती है। यह पर्व प्रकृति, जल और सूर्य के प्रति सम्मान तथा पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देता है।
श्रमदान में इन सदस्यों ने निभाई सहभागिता
घाट की साफ-सफाई एवं श्रमदान में छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा, अभय नारायण राय, डॉ. धर्मेंद्र दास, राम प्रताप सिंह, सुधीर झा, रौशन सिंह, धनंजय झा, दिलीप चौधरी, चंद्र किशोर प्रसाद, राजीव गिरी, सतीश सिंह, प्रशांत सिंह, शशि मिश्रा, डीके सिंह, मुकेश झा, ललित झा, अमरकांत तिवारी, शौलेंद्र सिंह, जितेंद्र ठाकुर एवं निर्भय चौधरी सहित अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
सेवा और समर्पण से ही भव्य बनता है छठ महापर्व : प्रवीण झा
छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने स्वयं स्वयंसेवकों के साथ श्रमदान कर घाट की सफाई में सहभागिता निभाई। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल पूजा और उपासना का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। अरपा तट को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि छठी मैया की सेवा का सबसे सुंदर स्वरूप यही है कि हम अपने घाट, नदी और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखें। समिति के सभी सदस्य श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर व्यवस्था के लिए पूरी निष्ठा से जुटे हैं। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि पर्व की पवित्रता बनाए रखें और घाट पर गंदगी न फैलाएं।




