नया बस स्टैंड के पास 10.98 किलो गांजे के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

कबीरधाम पुलिस ने करीब 5.10 लाख रुपए का गांजा और मोबाइल किया जब्त, दो दिनों में 27.63 लाख का मादक पदार्थ व मशरूका बरामद
कवर्धा। सिटी कोतवाली पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने नया बस स्टैंड से छिरहा मार्ग पर यादव होटल के पास कार्रवाई करते हुए 10 किलो 98 ग्राम गांजे के साथ उत्तरप्रदेश के एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। कुल जब्ती करीब 5 लाख 10 हजार रुपए की है।
पुलिस के अनुसार 27 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि यादव होटल के पास एक युवक काले रंग के बैग में गांजा रखकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। तलाशी के दौरान काले रंग के सफारी बैग में खाकी रंग की झिल्ली और टेप से लिपटा पैकेट मिला। जांच में पैकेट से 10 किलो 98 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रामू सिंह पिता नेम सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी करनौली, जिला कन्नौज, उत्तरप्रदेश बताया। पुलिस ने गांजा और घटना में प्रयुक्त Oppo A6x मोबाइल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 419/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अब गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में जांच कर रही है। एएनटीएफ टीम द्वारा संभावित नेटवर्क और खरीदारों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
दो दिनों में 27.63 लाख की जब्ती
पुलिस के अनुसार पिछले दो दिनों में गांजा तस्करी के खिलाफ चिल्फी और सिटी कोतवाली थाना क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई की गई है। इन मामलों में कुल 27 लाख 63 हजार रुपए का गांजा एवं अन्य मशरूका जब्त किया गया है। एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई करते हुए कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें चिल्फी थाना क्षेत्र के चार और सिटी कोतवाली का एक आरोपी शामिल है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा डीएसपी मुख्यालय आशीष शुक्ला के दिशा-निर्देशन में की गई। सिटी कोतवाली प्रभारी लालजी सिन्हा और एएनटीएफ प्रभारी महेश प्रधान के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

