24 अगस्त को धर्मनगरी कवर्धा में निकलेगी बाबा महाकाल की भव्य पालकी शोभायात्रा

कवर्धा। श्रावण मास के चतुर्थ सोमवार पर 24 अगस्त को धर्मनगरी कवर्धा में बाबा महाकाल की भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली जाएगी। हर-हर शंकर, जय-जय शंकर सेवा समिति द्वारा आयोजित इस शोभायात्रा को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजकों के मुताबिक शोभायात्रा में करीब 50 से 60 हजार शिवभक्तों के शामिल होने का अनुमान है।
शोभायात्रा दोपहर 3 बजे बूढ़ा महादेव मंदिर (जानकी रमण प्रभु देवालय) से शुरू होगी। नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए यात्रा अंबेडकर चौक पहुंचेगी, जहां भस्म आरती और शाही आरती के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही शोभायात्रा का समापन होगा।
नागपुर की झांकी और ढोल-ताशा रहेंगे आकर्षण
आयोजक उमंग पांडेय ने बताया कि शोभायात्रा में नागपुर की प्रसिद्ध मां काली झांकी और 3 स्टार धुमाल के साथ ढोल-ताशा व डमरू दल विशेष आकर्षण रहेंगे। शोभायात्रा में शामिल होने के लिए अन्य जिलों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
महाआरती में शामिल होंगे कई अतिथि
आयोजक सौरभ शर्मा ने बताया कि आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए महाआरती में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, ज्योतिर्मठ के सीईओ चंद्रप्रकाश उपाध्याय, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, पंडरिया विधायक भावना बोहरा, राजनांदगांव महापौर मधुसूदन यादव और राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पांडेय सहित अन्य गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
आयोजन समिति के उमंग पांडेय, सौरभ शर्मा सहित सैकड़ों सदस्य शोभायात्रा की तैयारियों में जुटे हुए हैं। समिति ने शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।



