गोकुल धाम सोसाइटी में RWA जागरूकता कार्यक्रम, उपभोक्ता अधिकारों और BIS मानकों की दी जानकारी

रायपुर। उपभोक्ता सुरक्षा एवं शिक्षा फाउंडेशन की ओर से रविवार को गोकुल धाम सोसाइटी, महादेव घाट रोड में RWA जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सोसाइटी के रहवासियों को उपभोक्ता अधिकारों, जिम्मेदारियों और दैनिक जीवन में होने वाली समस्याओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में वक्ता डॉ. नवीन श्रीवास्तव एवं मीनाक्षी गौतम ने उपभोक्ता अधिकारों के साथ भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), मानकीकरण, हॉलमार्क, ISI मार्क और BIS Care ऐप की जानकारी दी। रहवासियों को BIS Care ऐप डाउनलोड करवाकर इसके उपयोग और आवश्यकता के बारे में भी बताया गया।

वक्ताओं ने खरीदारी के दौरान बिल लेने, उत्पाद की गुणवत्ता एवं मानक चिह्नों की जांच करने तथा किसी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर उचित माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई।
कार्यक्रम में श्यामा मानिकपुरी, सचिव अजय देवदास, अंशु सेन, स्वाति परिहार, डिकेश्वर साहू सहित फाउंडेशन के सदस्य और सोसाइटी के निवासी मौजूद रहे। RWA पदाधिकारियों एवं सोसाइटी सदस्यों ने जागरूकता संबंधी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
फाउंडेशन ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक कर उन्हें सशक्त बनाना है।

