G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhDantewadaINDIAखास-खबर

एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी में दीक्षांत समारोह, प्रशिक्षुओं को मिले प्रमाण पत्र

जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम ने युवाओं को स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित

भांसी। एनएमडीसी डीएवी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भांसी में शनिवार को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। गरिमामय समारोह में सफल प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम ने युवाओं को नौकरी के साथ स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने की सीख दी।

समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। संस्थान के प्राचार्य कमलेश साहू ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने सफल प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान में प्राप्त तकनीकी ज्ञान और कौशल का उपयोग कर युवा रोजगार के बेहतर अवसर हासिल करें और निरंतर प्रगति करें।

मुख्य अतिथि अरविंद कुंजाम ने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने हुनर और तकनीकी दक्षता के आधार पर स्वरोजगार एवं व्यवसाय स्थापित करने की दिशा में भी प्रयास करना चाहिए। नौकरी करने वाला व्यक्ति खुद आत्मनिर्भर बनता है, जबकि अपना व्यवसाय शुरू करने वाला व्यक्ति दूसरों को भी रोजगार देने का अवसर पैदा करता है। उन्होंने युवाओं से अपने गांव, जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

इसके बाद सफल प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस दौरान प्राचार्य कमलेश साहू ने मुख्य अतिथि अरविंद कुंजाम को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। एनएमडीसी बचेली के परियोजना प्रमुख श्रीधर कोडाली ने भी प्रशिक्षुओं और संस्थान के शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में अखिल भारतीय व्यवसायिक परीक्षा (AITT) में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाने का कार्यक्रम भी निर्धारित था।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन इंजीनियरिंग ड्राइंग इंस्ट्रक्टर सत्यम कुमार सिंह ने किया। समारोह में संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी और प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page