जिले में खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता, नवीन समितियों से किसानों को मिल रही बड़ी सुविधा

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ KCG
खैरागढ़ : खरीफ सीजन 2026-27 के लिए जिले में किसानों को खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। जिला प्रशासन एवं सहकारिता विभाग के प्रयासों से जिले की सभी सेवा सहकारी समितियों में खाद-बीज का भंडारण एवं वितरण लगातार जारी है। वहीं नवगठित सेवा सहकारी समितियों के संचालन शुरू होने से किसानों को अब अपने गांव के समीप ही कृषि आदान सामग्री उपलब्ध हो रही है।
जिले के अंतर्गत कुल 65 सेवा सहकारी समितियों में अब तक 18,138.62 टन रासायनिक खाद का भंडारण किया जा चुका है, जबकि 12,204.14 टन खाद का वितरण किसानों को किया गया है। इसी प्रकार 4,740.60 क्विंटल धान बीज का भंडारण एवं 3,433 क्विंटल बीज का वितरण किया जा चुका है। जिले में खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त भंडारण की प्रक्रिया भी लगातार जारी है।
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नवीन सेवा सहकारी समिति भुरभूसी एवं नवीन सेवा सहकारी समिति पथार्रा में भी खाद वितरण प्रारंभ कर दिया गया है। इससे आसपास के गांवों के किसानों को दूरस्थ समितियों तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है तथा समय और परिवहन व्यय की बचत हो रही है।
ग्राम गोकना के किसान अखिलेश ने बताया कि पहले खाद प्राप्त करने के लिए दूसरे केंद्रों तक जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव के समीप ही खाद उपलब्ध होने से खेती की तैयारी समय पर हो रही है। किसान कमलेश बागुर एवं कविता टिकरीपारा ने भी स्थानीय स्तर पर खाद वितरण शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर खाद मिलने से खरीफ फसलों की बुवाई और कृषि कार्यों में तेजी आएगी।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समितियों से खाद एवं बीज प्राप्त करें तथा संतुलित मात्रा में उर्वरकों का उपयोग करें। प्रशासन द्वारा खाद वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नवीन सेवा सहकारी समितियों के संचालन और पर्याप्त खाद-बीज उपलब्धता से जिले के किसानों में उत्साह का वातावरण है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि सेवाओं की पहुंच और अधिक मजबूत हुई है।



