G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

कवर्धा वन मण्डल में एआई प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

वन प्रबंधन में तकनीक के उपयोग पर अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण

कवर्धा। वनमण्डल कार्यालय कवर्धा के सभाकक्ष में वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स की उपयोगिता पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन वनमण्डलाधिकारी निखिल अग्रवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यशाला में रायपुर से पहुंचे एआई ट्रेनर शिवम बंसल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आधुनिक तकनीकों और वन विभाग के कार्यों में उनकी उपयोगिता की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अभिनव केशरवानी (एसडीओ कवर्धा), शिवेंद्र भगत (एसडीओ सहसपुर लोहारा), कीर्तिवर्धन (एसडीओ पंडरिया), अनीता साहू (अधीक्षक भोरमदेव अभयारण्य), समस्त परिक्षेत्र अधिकारी, वनमण्डल कवर्धा के लिपिकीय स्टाफ तथा कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान विभिन्न आधुनिक एआई टूल्स का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। प्रशिक्षक शिवम बंसल ने बताया कि “जेमिनी” बहुभाषी एआई टूल है, जो जटिल रिपोर्ट तैयार करने, डेटा विश्लेषण और विभागीय पत्राचार को सरल बनाने में सहायक है। वहीं “नोटबुक एलएम” भारी दस्तावेजों एवं शोध पत्रों को संक्षिप्त कर महत्वपूर्ण जानकारी निकालने में सक्षम है, जिससे पुराने रिकॉर्ड और विभागीय गाइडलाइन को समझना आसान हो जाता है।
उन्होंने “क्लाउड/क्लॉड” टूल की जानकारी देते हुए बताया कि यह सटीक तर्क क्षमता और संवेदनशील लेखन के लिए उपयोगी है, जिसका प्रयोग नीतिगत दस्तावेजों के विश्लेषण एवं प्रभावी संचार में किया जा सकता है। इसके अलावा “वनमित्र” टूल के माध्यम से वन अपराधों की रिपोर्टिंग, वृक्षारोपण की ट्रैकिंग और मैदानी कार्यों की निगरानी में तकनीकी सहायता मिलने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के समापन पर वनमण्डलाधिकारी निखिल अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीक को अपनाना आवश्यक हो गया है। एआई टूल्स के उपयोग से विभागीय कार्यों की कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा वन सुरक्षा एवं वन्यप्राणी प्रबंधन में पारदर्शिता और सटीकता आएगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों को इन तकनीकों को दैनिक कार्यशैली में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page