G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
BIG NewsChhattisgarhINDIAKabirdham

भाभी की हत्या कर दुष्कर्म का झूठा स्वरूप देने वाली ननंद गिरफ्तार, कबीरधाम पुलिस ने त्वरित विवेचना से सुलझाई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी

ननंद ने ही पारिवारिक रंजिश के चलते अपनी भाभी की योजनाबद्ध तरीके से की थी हत्या।

हत्या के बाद घटना को दुष्कर्म का स्वरूप देकर पुलिस को गुमराह करने का किया गया प्रयास।

घटना को दुष्कर्म या सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का स्वरूप देकर पुलिस पुरुष पर या सामूहिक दुष्कर्म की ओर संदेह पैदा कर गुमराह करने के लिए शव को किया था निर्वस्त्र

प्रारंभिक जांच एवं विवेचना में मृतिका के साथ किसी प्रकार के दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई।

कबीरधाम पुलिस की त्वरित, वैज्ञानिक एवं प्रोफेशनल विवेचना से आरोपी महिला को शीघ्र ही किया गिरफ्तार।

आरोपी महिला पिछले लगभग 05 वर्षों से मायके में रह रही थी, जिसके चलते ननंद-भाभी के बीच लगातार विवाद एवं झगड़े होते रहते थे।

कवर्धा।दिनांक 03/05/2026 को थाना स. लोहारा क्षेत्रांतर्गत ग्राम सिंगारपुर के झोंकाखार खेत में एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर थाना स. लोहारा की टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां महिला का शव निर्वस्त्र अवस्था में पड़ा हुआ था तथा सिर एवं चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखकर क्षेत्र में दुष्कर्म के बाद हत्या जैसी चर्चाएं फैलने लगी थीं।

मौके पर मर्ग पंचनामा कार्यवाही कर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 53/2026 धारा 103(1) बीएनएस कायम कर विवेचना प्रारंभ की गई। मृतिका की पहचान बेलसिया छेदैया उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम सिंगारपुर के रूप में हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी लोहारा कृष्ण कुमार चन्द्राकर के दिशा निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर तत्काल जांच प्रारंभ की गई।

कबीरधाम पुलिस द्वारा अत्यंत सूक्ष्मता एवं वैज्ञानिक तरीके से घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। घटनास्थल से रपली, हंसिया, टूटी चूड़ियां, कपड़ों के टुकड़े, बटन, साड़ी पिन एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए। साथ ही साइबर सेल एवं एफएसएल टीम की मदद से तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों का तेजी से विश्लेषण किया गया।

पुलिस टीम द्वारा मृतिका के परिजनों एवं संदेहियों से लगातार पूछताछ की गई, जिसमें यह तथ्य सामने आया कि मृतिका बेलसिया छेदैया एवं उसकी ननंद मालती मरकाम के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद एवं झगड़े होते रहते थे। आरोपी महिला पिछले लगभग 05 वर्षों से अपने ससुराल को छोड़कर मायके में रह रही थी, जिसके कारण आए दिन दोनों के बीच तानेबाजी एवं विवाद होता रहता था।

विवेचना के दौरान यह भी जानकारी प्राप्त हुई कि लगभग 06 माह पूर्व आरोपी महिला द्वारा मृतिका का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास भी किया गया था, जिसे परिवार के सदस्यों द्वारा बीच-बचाव कर रोका गया था। पूर्व में भी दोनों के बीच गंभीर मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं।

लगातार पूछताछ एवं साक्ष्यों के आधार पर संदेही मालती मरकाम से कड़ाई से पूछताछ की गई, जिस पर उसने अपना अपराध स्वीकार किया। आरोपी ने बताया that दिनांक 03/05/2026 को उसने योजनाबद्ध तरीके से खेत में कार्य कर रही अपनी भाभी बेलसिया छेदैया पर पीछे से हमला कर लोहे की रपली से सिर पर लगातार वार कर हत्या कर दी।

हत्या करने के बाद आरोपी ने स्वयं को बचाने, पुलिस को गुमराह करने एवं क्षेत्र में सनसनी फैलाने के उद्देश्य से मृतिका के कपड़े फाड़कर शव को निर्वस्त्र अवस्था में छोड़ दिया, ताकि घटना दुष्कर्म अथवा सामूहिक अपराध जैसी प्रतीत हो और संदेह किसी पुरुष व्यक्ति की ओर जाए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने मोबाइल एवं सोशल मीडिया में इस प्रकार की घटनाओं के बारे में देखा था, जिसके आधार पर उसने हत्या को दूसरा स्वरूप देने की कोशिश की।

प्रारंभिक जांच एवं विवेचना में यह स्पष्ट हुआ कि मृतिका के साथ किसी प्रकार का दुष्कर्म नहीं हुआ था। संपूर्ण घटना पारिवारिक रंजिश के चलते आरोपी ननंद द्वारा अकेले अंजाम दी गई हत्या की घटना पाई गई।

आरोपी मालती मरकाम पति नरेन्द्र मरकाम उम्र 33 वर्ष निवासी सिंगारपुर थाना सहसपुर लोहारा जिला कबीरधाम को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

उक्त संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा, साइबर सेल टीम, एफएसएल टीम कवर्धा, उप निरीक्षक सिकंदर कुर्रे, उप निरीक्षक रूपराम पट्टावी, उप निरीक्षक आर.एस. ठाकुर, सउनि संदीप चौबे, सउनि बलदाऊ भट्ट, प्रधान आरक्षक समशेर अली, लक्ष्मीनारायण अनंत, आरक्षक रवि जायसवाल, राजू सोनवानी, बलराम जायसवाल, चरण पटेल, डोमेन्द्र ठाकुर, बिनेश पोर्ते, सैनिक भंवर सिंह खुसरो, महिला आरक्षक मंजु निर्मलकर एवं काजल देशलहरे का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page