11 केवी लाइन पर गिरी पीपल की बड़ी शाखा, झलमला-खपरी में 5 घंटे बिजली बंद

झलमला/कवर्धा। ग्राम झलमला के बाजार चौक के पास गुरुवार सुबह करीब 8 बजे उप स्वास्थ्य केंद्र के सामने स्थित पुराने पीपल के पेड़ की करीब 50 फीट लंबी विशाल शाखा अचानक 11 केवी विद्युत लाइन पर गिर गई। इससे झलमला और खपरी गांव की विद्युत आपूर्ति करीब 5 घंटे बाधित रही। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
ग्रामीणों के अनुसार पेड़ की शाखा गिरने की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम करीब 15 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई और तत्काल सुधार कार्य शुरू कर दिया। विभागीय कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद पेड़ की शाखाओं को हटाया और क्षतिग्रस्त तारों को दोबारा जोड़कर विद्युत आपूर्ति बहाल की।
टीम की तत्परता की ग्रामीणों ने सराहना की
विद्युत विभाग की टीम ने कई घंटे की मेहनत के बाद लाइन को दुरुस्त किया। कनिष्ठ अभियंता तिलेश्वर नेताम के नेतृत्व में लाइनमैन विश्राम सागर मरावी, सियाराम निर्मलकर, कृष्ण कुमार पटेल, अश्वनी साहू, प्रेम निषाद और मोती साहू ने मौके पर रहकर सुधार कार्य किया। विभाग की तत्काल कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और टीम के प्रति आभार जताया।
ग्रामीणों ने कहा कि घटना के महज 15 मिनट के भीतर विद्युत विभाग की टीम का मौके पर पहुंचना और तुरंत काम शुरू करना सराहनीय है। समय पर कार्रवाई होने से स्थिति को जल्द सामान्य किया जा सका।


