G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
BIG NewsChhattisgarhINDIAKabirdham

वर्षों बाद खुला जिला प्रेस भवन का अध्यक्ष कक्ष, नई कार्यकारिणी ने संभाला भवन का प्रभार

कवर्धा। लंबे समय से चले आ रहे प्रेस भवन के प्रभार संबंधी विवाद के बाद मंगलवार को जिला प्रेस क्लब कवर्धा की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में प्रेस भवन में प्रवेश कर विधिवत प्रभार संभाला। जिला प्रेस क्लब के विधिक सलाहकार अधिवक्ता प्रकाश चंद्रवंशी एवं अधिवक्ता विकास महोबिया के मार्गदर्शन में अध्यक्ष यशवंत सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पदाधिकारियों और सदस्यों ने भवन का निरीक्षण किया।

नई कार्यकारिणी को भवन में प्रवेश के साथ ही पत्रकारों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से प्रेस भवन का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा था, और ना ही आम और खास नागरिक के अलावा पत्रकारो को इस भवन का लाभ लेने दिया जा रहा था,जिसके कारण जिले के पत्रकारों को बैठक, प्रेस वार्ता और पत्रकारिता से जुड़े अन्य कार्यों के लिए उचित स्थान की कमी महसूस होती थी।अनेक बार जिला भर के पत्रकार इस संबंध में शिकायत और मांग करते रहे हैं पर अब प्रेस भवन का प्रभार मिलने के बाद इसे पत्रकारों के साझा उपयोग के लिए सक्रिय करने की दिशा में काम शुरू किया जाएगा।

वर्षों से बंद अध्यक्ष कक्ष का खुला ताला

प्रेस भवन में प्रवेश के दौरान सबसे अधिक चर्चा अध्यक्ष कक्ष को लेकर रही। लंबे समय से बंद अध्यक्ष कक्ष का ताला खोला गया, जहां अध्यक्ष की कुर्सी धूल से ढकी हुई मिली। इस दृश्य ने भवन के लंबे समय से उपयोग और रखरखाव को लेकर उठते रहे सवालों को एक बार फिर सामने ला दिया।

नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल, अध्यक्ष कक्ष, पदाधिकारी कक्ष सहित अन्य हिस्सों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

भवन में रखरखाव का अभाव, कई व्यवस्थाएं बदहाल

निरीक्षण के दौरान भवन के कई कमरों में धूल जमी हुई मिली। कमरे अस्त-व्यस्त स्थिति में नजर आए। पत्रकारों के अनुसार भवन में कई पंखे खराब हैं, कुछ लाइटें बंद हैं और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं है।

नई कार्यकारिणी के सामने अब प्रेस भवन की साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पंखों की मरम्मत और बैठने की सुविधा सहित अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की चुनौती है। पदाधिकारियों ने कहा कि प्रेस भवन को जल्द ही व्यवस्थित कर पत्रकारों के नियमित उपयोग के योग्य बनाया जाएगा।

पत्रकारिता गतिविधियों का बनेगा साझा केंद्र

नई कार्यकारिणी ने कहा कि प्रेस भवन का नियमित उपयोग शुरू होने से जिले में पत्रकारिता से जुड़े कार्य एक स्थान से संचालित किए जा सकेंगे। इससे अलग-अलग स्थानों पर कार्य कर रहे पत्रकारों को एक मंच पर लाने, नियमित बैठकें आयोजित करने, प्रेस वार्ताओं और जनहित के मुद्दों पर सामूहिक चर्चा करने में मदद मिलेगी।

कार्यकारिणी का उद्देश्य प्रेस भवन को पत्रकारों के संवाद, संगठनात्मक गतिविधियों और पत्रकार हित से जुड़े कार्यों का सक्रिय केंद्र बनाना है।

स्थानीय मंत्री और प्रशासन के प्रति जताया आभार

नवनिर्वाचित अध्यक्ष यशवंत सिंह ठाकुर ने प्रेस भवन का प्रभार मिलने पर स्थानीय मंत्री, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के लिए निर्मित भवन को उसके मूल उद्देश्य के अनुरूप उपयोग में लाने की दिशा में सहयोग मिला है।

उन्होंने कहा कि भवन की साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पंखों की मरम्मत और बैठने की सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाएगा, ताकि जिले के पत्रकार इसका बेहतर उपयोग कर सकें।

पत्रकारों की एकजुटता को बताया महत्वपूर्ण कदम

अध्यक्ष यशवंत सिंह ठाकुर ने जिला प्रेस क्लब के सभी सदस्यों और पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष की जीत नहीं, बल्कि पत्रकारों की एकजुटता और साझा हितों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों से मिलकर काम करने का आह्वान किया। साथ ही पत्रकार हित में आगे की रणनीति तैयार कर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की बात कही।

नई कार्यकारिणी के भवन में प्रवेश के साथ ही पत्रकारों के बीच उम्मीद जगी है कि जिला प्रेस भवन अब नियमित बैठकों, प्रेस कॉन्फ्रेंस, संवाद और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा का सक्रिय केंद्र बनेगा। कार्यकारिणी ने स्पष्ट किया कि प्रेस भवन जिले के समस्त पत्रकारों का साझा मंच है और इसका उपयोग पत्रकारिता एवं जनहित से जुड़े कार्यों के लिए किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page