गुरु की कृपा के लिए मेहनत, लगन और अनुशासन जरूरी : नितेश अग्रवाल

सेवा संकल्प अभियान के तहत पीएमश्री सेजेस स्कूल बोड़ला में 60 शिक्षकों का सम्मान
बोड़ला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को पीएमश्री सेजेस शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बोड़ला में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 60 शिक्षकों को शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने समूह गीत, नृत्य, ड्राइंग एवं रंगोली के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं आयोजक भाजपा जिला महामंत्री नितेश अग्रवाल ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शिक्षक सम्मान, ‘मेरे सपनों का भारत’ और ‘विकसित भारत’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
शिक्षकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अग्रवाल ने कहा कि गुरु विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त शिक्षा देकर जीवन में आगे बढ़ने की दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि जब शिक्षक कक्षा में ब्लैक बोर्ड पर लिखते हैं तो विद्यार्थियों की नजर बोर्ड पर होती है, लेकिन गुरु की नजर किस विद्यार्थी पर है, यह पता नहीं चलता। इसलिए गुरु की कृपा और मार्गदर्शन पाने के लिए विद्यार्थियों को मेहनत, लगन, अनुशासन और समय की पाबंदी को जीवन में अपनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गुरु विद्यार्थियों की प्रतिभा पहचानने वाले जौहरी की तरह होते हैं, जो अपने परिश्रम और मार्गदर्शन से उनके जीवन को बेहतर दिशा देते हैं। ऐसे गुरुजनों का सम्मान करना गौरव का विषय है।

कार्यक्रम को शाला विकास प्रबंध समिति अध्यक्ष डॉ. प्रेमकांत मिश्रा, भाजपा वरिष्ठ नेता विदेशी राम धुर्वे, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल, जिला पंचायत प्रतिनिधि लोकचंद साहू एवं प्राचार्य विजय खरे ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मोहन धुर्वे, नगर पंचायत उपाध्यक्ष लव निर्मलकर, महामंत्री राजेश साहू व अमित वर्मा, बरसाती वर्मा, बलदाऊ चंद्रवंशी, छोटू चंद्रवंशी, जिला मीडिया प्रभारी मोहन कश्यप, पार्षद संदीप गुप्ता, खुशबू कश्यप, सोमनाथ धुर्वे, माया मेरावी, नरेश साहू, चैन सिंह खुसरो, अरविंद अवस्थी सहित भाजपा कार्यकर्ता, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
