पंचायत विकास योजनाओं के वैज्ञानिक निर्माण पर जोरखैरागढ़ जनपद सदस्यों को BPDP और PAI का दो दिवसीय प्रशिक्षण

AP news vishwaraj tamrakar district buro chief KCG
खैरागढ़। जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई के मैकाल सदन सभाकक्ष में जनपद पंचायत खैरागढ़ के जनपद सदस्यों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जनपद पंचायत विकास योजना (BPDP) एवं पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI) के प्रभावी उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान 16वें वित्त आयोग से जनपद पंचायतों को प्राप्त होने वाली राशि के प्रभावी उपयोग तथा विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया पर चर्चा की गई। बताया गया कि कार्ययोजना बनाते समय स्थानीय आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों और विकास की प्राथमिकताओं को केंद्र में रखा जाना चाहिए।
प्रशिक्षकों ने जानकारी दी कि आयोग से मिलने वाली राशि टाइड फंड और अनटाइड फंड के रूप में उपलब्ध होगी। टाइड फंड का उपयोग मुख्य रूप से पेयजल एवं स्वच्छता संबंधी कार्यों के लिए किया जाएगा, जबकि अनटाइड फंड से अन्य आवश्यक एवं गैप-फिलिंग कार्यों को प्राथमिकता दी जा सकेगी। साथ ही विभिन्न विभागीय योजनाओं और अन्य वित्तीय स्रोतों के अभिसरण के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास पर भी जोर दिया गया।
प्रशिक्षण में वित्तीय वर्ष 2023-24 के पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI) के आंकड़ों के उपयोग की जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रत्येक पंचायत का मूल्यांकन नौ विषयगत क्षेत्रों के आधार पर किया गया है। कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए तथा बेहतर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों को और सशक्त बनाकर विकास योजनाएं तैयार करने की आवश्यकता बताई गई।
जनपद सदस्यों ने प्रशिक्षण को उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता जताई। प्रशिक्षण मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इसमें उपसंचालक पंचायत गीत कुमार सिन्हा, जिला अंकेक्षक मोहित राम ध्रुव तथा जिला समन्वयक आरजीएसए मनोज कुमार साहू ने विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षण के माध्यम से जनपद सदस्यों को वैज्ञानिक, परिणामोन्मुखी एवं जनहितकारी विकास योजनाओं के निर्माण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिससे जनपद पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।



