धान खरीदी की तैयारियों में तेजी लाएं, खाद्य मंत्री ने दिए निर्देश

बारदाने, किसान पंजीयन और नए खरीदी केंद्रों की व्यवस्था दुरुस्त करने कहा
रायपुर, 7 सितंबर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल ने सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने धान खरीदी से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने और किसानों से जुड़ी प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने आगामी धान खरीदी के लिए बारदानों की व्यवस्था, नए खरीदी केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं और किसान पंजीयन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने एग्रीस्टेक में पंजीयन से वंचित किसानों का पंजीयन जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
चावल भंडारण और मिलिंग की गति बढ़ाने पर जोर
बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के कस्टम मिलिंग चावल के उपार्जन की गति बढ़ाने को कहा गया। साथ ही सितंबर और अक्टूबर 2026 के चावल का समय पर भंडारण एवं वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खरीदी और संग्रहण केंद्रों में होने वाली शॉर्टेज को कम करने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने कहा गया।
गोदाम निर्माण समय पर पूरा करने के निर्देश
मंत्री बघेल ने राज्य भंडार गृह निगम के निर्माणाधीन गोदामों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। नापतौल विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने धान खरीदी शुरू होने से पहले धर्मकांटों का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने कहा।
बैठक में खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, संचालक खाद्य डॉ. फरिया आलम, नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक विलास भोसकर संदीपन, विपणन संघ के प्रबंध संचालक जितेंद्र शुक्ला, भारतीय खाद्य निगम के महाप्रबंधक दीपक शर्मा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान मंत्री ने सिटी गैस वितरण योजना की विभागीय वेबसाइट का शुभारंभ भी किया।


