डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार के लिए 31 जुलाई तक आवेदन, 1 नवंबर को होगा सम्मान
रायपुर। छत्तीसगढ़ कृषि विभाग ने डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार-2026 के लिए राज्य के पात्र एवं प्रगतिशील किसानों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस राज्य स्तरीय सम्मान के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। चयनित किसान को राज्य स्थापना दिवस (1 नवंबर 2026) के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
पुरस्कार के लिए आवेदन पत्र संबंधित उप संचालक कृषि अथवा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के कार्यालय से निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेजों सहित संबंधित कार्यालय में जमा करने होंगे।
आवेदन के साथ किसान को अधिकतम दो पृष्ठों में अपने कृषि कार्यों की सफलता की कहानी, कृषि गतिविधियों के छायाचित्र तथा आधुनिक एवं नवाचारी खेती का प्रदर्शन करने वाली वीडियो सीडी संलग्न करनी होगी।
पुरस्कार के लिए पात्रता के अनुसार आवेदक किसान पिछले कम से कम 10 वर्षों से छत्तीसगढ़ में लगातार कृषि कार्य कर रहा हो। उसकी वार्षिक आय का कम से कम 75 प्रतिशत हिस्सा कृषि गतिविधियों से प्राप्त होता हो तथा उस पर तकाबी, सिंचाई शुल्क या सहकारी बैंक का कोई कालातीत ऋण बकाया नहीं होना चाहिए।
चयन प्रक्रिया में खेती में नवीन तकनीकों का उपयोग, फसल सघनता, फसल विविधीकरण, समन्वित कृषि प्रणाली, पिछले तीन वर्षों की उत्पादकता, कृषि एवं सहयोगी क्षेत्रों में नवाचार, अन्य किसानों को प्रेरित करने के प्रयास तथा भूमि एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए कार्यों का मूल्यांकन किया जाएगा।
आवेदनों की जांच तीन चरणों में होगी। पहले विकासखंड स्तरीय समिति द्वारा सत्यापन, इसके बाद जिला स्तरीय समिति द्वारा परीक्षण और अंत में राज्य स्तरीय जूरी द्वारा अंतिम चयन किया जाएगा। विभाग ने किसानों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।



