G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 35 वाहनों की जांच

ब्रेथ एनालाइजर से बस चालकों और परिचालकों का किया परीक्षण, जांच में कोई भी नशे की हालत में नहीं मिला

कवर्धा। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर कबीरधाम यातायात पुलिस ने सोमवार को विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान केंद्रीय विद्यालय सहित विभिन्न स्कूलों के बच्चों को लाने-ले जाने में लगे 35 वाहनों के चालकों एवं परिचालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान कोई भी चालक या परिचालक शराब अथवा अन्य नशे की हालत में नहीं पाया गया।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। स्कूल बस चालकों द्वारा नशे की हालत में वाहन चलाए जाने संबंधी सूचना को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस ने आकस्मिक जांच की। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा यातायात उप पुलिस अधीक्षक अपूर्वा क्षत्रिय के दिशा-निर्देश में की गई।

यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक अजयकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्कूल बसों की जांच कर चालकों और परिचालकों का ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण किया। साथ ही उन्हें वाहन संचालन के दौरान सतर्कता बरतने, यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी परिस्थिति में नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई।

बिना पूर्व सूचना के होगी आकस्मिक जांच

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसे ध्यान में रखते हुए जिले के विभिन्न स्कूलों की बसों के चालकों एवं परिचालकों की भविष्य में भी बिना पूर्व सूचना के आकस्मिक जांच की जाएगी। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

अभिभावकों से पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने अभिभावकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों और उनके चालकों की गतिविधियों पर नजर रखें। यदि कोई चालक नशे की हालत में वाहन चलाता दिखाई दे या इस संबंध में कोई शिकायत हो तो तत्काल यातायात पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page