सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने और पिलाने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, 15 आरोपी पकड़ाए

आबकारी एक्ट के 11 मामलों में 11 लोगों पर कार्रवाई, जुआ खेलते पांच आरोपी भी गिरफ्तार; 6,300 रुपये नकद और ताश की गड्डी जब्त
कवर्धा। जिले में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और दुकानों में अवैध रूप से शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की है। 22 नवंबर को जिले के अलग-अलग थाना एवं चौकी क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम के तहत 11 प्रकरणों में 11 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं जुआ खेलते पाए जाने पर पांच आरोपियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया।
पंडरिया में सात मामलों में कार्रवाई
थाना पंडरिया पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत सात अलग-अलग मामलों में सात आरोपियों पर कार्रवाई की। इनमें सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करते पाए जाने पर रामजी यादव, शिव गायकवाड़, मुकेश मरकाम, परमेश्वर टेकाम, रमेश टेकाम और मयाराम धुर्वे के खिलाफ धारा 36(च)(1) के तहत कार्रवाई की गई। वहीं अपनी दुकान में लोगों को शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने पर पारसराम मरावी के खिलाफ धारा 36(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया।
दामापुर और पिपरिया में भी कार्रवाई
चौकी दामापुर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करते पाए जाने पर कमलेश ओगरे के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की। वहीं थाना पिपरिया पुलिस ने ग्राम दशरंगपुर में दुकानों पर लोगों को शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने के मामले में जलेश यादव, चंदन चंद्राकर और रामकुमार गंधर्व के खिलाफ तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए। इस कार्रवाई में शराब और नकद रकम भी जब्त की गई।
महामाया मंदिर की परछी में खेल रहे थे जुआ
इधर, थाना कवर्धा पुलिस ने ग्राम दौजरी स्थित महामाया मंदिर की परछी में जुआ खेल रहे पांच लोगों को पकड़ा। आरोपी 52 पत्ती ताश के माध्यम से रुपये-पैसों का दांव लगा रहे थे। पुलिस ने राजाराम चंद्रवंशी, दिनेश चंद्रवंशी, नानू यादव, नकुल साहू और राजू निर्मलकर के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज किया। मौके से 6,300 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।
कबीरधाम पुलिस के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, दुकानों में अवैध रूप से शराब पिलाने और जुआ जैसी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।




