ई-ऑफिस में शत-प्रतिशत काम, 10 बजे बायोमैट्रिक हाजिरी अनिवार्य

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिला कार्यालय के कर्मचारियों की बैठक लेकर लंबित प्रकरण जल्द निपटाने के दिए निर्देश
कवर्धा, 7 सितंबर। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने सोमवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में अधिकारी-कर्मचारियों की बैठक लेकर कार्यालयीन व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को जिम्मेदारी और समयबद्धता के साथ काम करने तथा आम नागरिकों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिला कार्यालय में 100 प्रतिशत काम ई-ऑफिस के माध्यम से करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि फाइलें अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए। ई-ऑफिस के जरिए प्रकरणों का समय पर निराकरण करने से काम में पारदर्शिता, गति और जवाबदेही बढ़ेगी।
10 बजे कार्यालय पहुंचना होगा, 5.30 के बाद छुट्टी
कलेक्टर ने कार्यालयीन अनुशासन को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी-कर्मचारी सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंचकर बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज करें। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय से पहले कार्यालय नहीं छोड़ा जाए और शाम 5.30 बजे के बाद ही कार्यालय से रवाना हों।
लंबित मेडिकल और यात्रा भत्ता प्रकरणों का जल्द निराकरण
स्थापना शाखा की समीक्षा में कलेक्टर ने कर्मचारियों के अवकाश का पंजी नियमित रूप से संधारित करने और सेवा संबंधी जानकारी अपडेट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मेडिकल, यात्रा भत्ता समेत अन्य लंबित कर्मचारी प्रकरणों की जानकारी लेकर पात्र मामलों का नियमानुसार जल्द निराकरण करने कहा।
संजीवनी कोष का पात्र मरीजों को मिले लाभ
कलेक्टर ने संजीवनी कोष से मरीजों को मिलने वाली उपचार सहायता की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पात्र मरीजों को योजना की जानकारी देने और नियमानुसार समय पर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जनसंपर्क निधि, स्वेच्छा अनुदान और आरबीसी 6-4 सहित अन्य महत्वपूर्ण प्रकरणों की समीक्षा की गई। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश दिए।
डिजिटल फसल सर्वे और राजस्व मामलों की समीक्षा
कलेक्टर ने जिले में चल रहे डिजिटल फसल सर्वेक्षण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा में सर्वे पूरा करने और फसल संबंधी आंकड़ों को सही तरीके से दर्ज करने के निर्देश दिए।
बैठक में भू-अर्जन, स्वामित्व योजना और अभिलेख शुद्धता समेत विभिन्न राजस्व मामलों की भी समीक्षा हुई। उन्होंने लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने और राजस्व अभिलेखों में शुद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।
लिपिकों को बांटे डिजिटल सिग्नेचर
कलेक्टर ने संयुक्त जिला कार्यालय में कार्यरत लिपिकों को डिजिटल सिग्नेचर भी वितरित किए। उन्होंने डिजिटल हस्ताक्षर के माध्यम से कार्यालयीन काम को तेज करने और ई-ऑफिस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा, रामप्रसाद आचला, डिप्टी कलेक्टर सागर सिंह राज सहित जिला कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




