‘जज़्बा पुलिस अवार्ड्स-2026’ में उत्कृष्ट पुलिसकर्मियों का सम्मान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले— पुलिस का जज़्बा ही सुरक्षित, शांत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और सुशासन की सबसे मजबूत आधारशिला है। पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में जनता की सुरक्षा के लिए समर्पित रहते हैं और उनका सम्मान पूरे समाज का सम्मान है।
मुख्यमंत्री सोमवार को रायपुर के शांति नगर स्थित एक निजी सभागार में आयोजित ‘जज़्बा पुलिस अवार्ड्स-2026’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया।
वर्दी त्याग, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल अधिकार का प्रतीक नहीं, बल्कि त्याग, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। कठिन परिस्थितियों में भी पुलिसकर्मी जिस समर्पण और निष्ठा से अपने दायित्व निभाते हैं, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है।
ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि की सराहना
मुख्यमंत्री ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप निरीक्षक ज्ञानेश्वरी यादव की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि 199 किलोग्राम भार उठाकर ज्ञानेश्वरी ने देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है तथा यह साबित किया है कि पुलिस बल के जवान सेवा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
नक्सलवाद के खिलाफ पुलिस की भूमिका ऐतिहासिक
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता पुलिस और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पुलिस जवानों ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना कठिन परिस्थितियों में अभियान चलाकर प्रदेश को भयमुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
घायल जवानों के जज़्बे को किया नमन
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल अभियान में घायल जवानों से मुलाकात के दौरान उन्होंने उनके भीतर अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा देखी। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद जवान फिर से मोर्चे पर लौटने का संकल्प व्यक्त करते थे। यही जज़्बा आज छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत बना है।
सकारात्मक पत्रकारिता की भूमिका महत्वपूर्ण
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया चौथे स्तंभ के रूप में समाज के सकारात्मक कार्यों को सामने लाकर जनविश्वास मजबूत करता है। पुलिस विभाग के उत्कृष्ट कार्यों को समाज तक पहुंचाने से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है और युवाओं को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलती है।
डीजीपी ने की पहल की सराहना
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि मीडिया द्वारा पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान किया जाना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की समाप्ति से सबसे अधिक राहत उन परिवारों को मिली है, जिनके सदस्य वर्षों तक चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में सेवा करते रहे। यह सफलता पूरे पुलिस बल के साहस, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।
विभिन्न श्रेणियों में मिला सम्मान
‘जज़्बा पुलिस अवार्ड्स-2026’ के तहत सामुदायिक पुलिसिंग, संवाद से समाधान, सोशल मीडिया जनजागरूकता, नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, ई-मालखाना प्रबंधन, पिंक पेट्रोल यूनिट, महिला सुरक्षा, वूमेन हेल्पलाइन, साइबर अपराध नियंत्रण, अनुसंधान एवं अन्वेषण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार आर. कृष्णा दास, रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल, वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

