सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक, बूथ स्तर तक होंगे 12 सेवा प्रकल्प

अशोक साहू बोले- प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रसेवा को माना ईश्वर सेवा, 25 वर्षों से बिना थके, बिना रुके निभा रहे राष्ट्र प्रथम का संकल्प
https://youtube.com/shorts/ni1EzYd2caE?si=t2n6dBvDLzM0xO9e
कवर्धा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान के तहत बूथ स्तर तक 12 अलग-अलग सेवा प्रकल्प आयोजित किए जाएंगे। अभियान की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय कवर्धा में प्रेसवार्ता हुई। इसे भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू ने संबोधित किया। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी मौजूद रहे।
अशोक साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष 7 अक्टूबर को पूर्ण हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीति में पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करना भी चुनौती माना जाता है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रसेवा को ईश्वर सेवा मानकर बिना थके, बिना रुके और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ 25 वर्षों से निरंतर सेवा का संकल्प निभाया है। ऐसे राष्ट्रनायक के जन्मदिवस को सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाना गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, अर्थव्यवस्था, सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी पहलों से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए हैं।
17 सितंबर को आशीर्वाद का दीप जलाकर शुरुआत
अशोक साहू ने बताया कि 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीप जलाकर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद 17 अक्टूबर तक अलग-अलग सेवा गतिविधियां संचालित होंगी। अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए भाजपा संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
बूथ स्तर तक पहुंचेंगे सेवा के प्रकल्प
प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे देश में बूथ स्तर तक विभिन्न सेवा प्रकल्प प्रभावी रूप से संचालित किए जाएंगे। भाजपा कार्यकर्ता सेवा को संगठन की कार्यपद्धति का आधार मानते हुए समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा और सामाजिक सरोकार की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाना है।
जिला, मंडल और बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां तय
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि कवर्धा जिले में अभियान के सभी कार्यक्रम जिला, मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के समन्वय से समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे। इसके लिए विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और संगठन स्तर पर तैयारियां जारी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित यह अभियान केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सेवा, समर्पण और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।
प्रेसवार्ता में भाजपा जिला महामंत्री मुकेश ठाकुर, जिला प्रवक्ता कांशीराम उइके, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, जिला मीडिया प्रभारी मोहन कश्यप सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


