G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

भाजपा प्रदेश संगठन की दूसरे दिन की बैठक संपन्न

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री व छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी ने अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन की बैठकों को सम्बोधित करते हुए कहा है कि यह दो दिवसीय चिंतन का यह अवसर आत्ममंथन, अपनी प्राथमिकताओं को पुनः रेखांकित करने और उस संकल्प को दोहराने का है, जिसने भारतीय जनसंघ से लेकर आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनने तक हमारे हर कदम को दिशा दी है।

हमारे कर्मयोगी कार्यकर्ता ही हमारी सच्ची पूंजी:  स्मृति इरानी

भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी श्रीमती इरानी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता कर्मयोगी है उनके कर्मयोग से ही संगठन हमेशा मजबूत होता है। यह राष्ट्र प्रथम के विचार और कार्यकर्ताओं के निःस्वार्थ पसीने से सिंचित वैचारिक आंदोलन है। हमारी रीति-नीति ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय‘ की उस भावना से बंधी है, जहाँ अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति का उत्थान ही हमारी सफलता का पैमाना है। इस यात्रा में जिस तत्व ने हमें सबसे अलग और अडिग बनाया है, वह है हमारा ‘अनुशासन‘ है। पद बदलते रहेंगे, दायित्व आते-जाते रहेंगे, लेकिन कार्यकर्ता सदैव स्थायी होता है। सार्वजनिक जीवन में जब आप और हम खड़े होते हैं, तो लोग केवल एक व्यक्ति को नहीं देखते, वे भारतीय जनता पार्टी की मजबूत विचारधारा से जुड़े होते है। सादगी हमारे सार्वजनिक जीवन का स्थायी आभूषण होनी चाहिए।

भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी श्रीमती इरानी ने कहा कि आज तकनीक का युग है, सोशल मीडिया पर संवाद जरूरी है, लेकिन वह कभी ज़मीनी स्पर्श का विकल्प नहीं हो सकता। हमें गाँव-गाँव, पारा-टोला और बस्तर से लेकर सरगुजा तक जन-जन से सघन संपर्क साधना होगा और आमजन के सुख-दुख में उनकी चौखट पर और मजबूती से खड़ा होना, उनकी बात को सुनना और समाधान तक पहुँचाना, यही कार्यकर्ता का सच्चा धर्म है। जब कार्यकर्ता जनता के बीच बिना किसी औपचारिकता और सादगी के साथ बैठता है, तब संगठन परिवार बन जाता है। प्रदेश प्रभारी श्रीमती इरानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की देवतुल्य जनता ने हम पर गहरा विश्वास जताया है। यह विश्वास एक बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी लेकर आया है। आगामी समय में हमें न केवल इस भरोसे को बनाए रखना है, बल्कि संगठन के विस्तार को प्रत्येक बूथ तक ले जाकर अभेद्य बनाना है। छत्तीसगढ़ जितना सुंदर है उतने ही सुंदर व सुशील यहां के कार्यकर्ता है। हम सबके पराक्रम व परिश्रम से फिर से छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाएंगे। यह हम सबका संकल्प है।

दिनभर चला बैठकों का दौर

भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी के दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन सोमवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर (प्रदेश भाजपा कार्यालय) में बैठकों का सघन दौर चला। उन्होंने आगामी राजनीतिक रणनीतियों को गति देने के उद्देश्य से मौजूदा विधायकों, लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों, प्रदेश मंत्रिमंडल और भाजपा कोर ग्रुप के साथ चरणबद्ध बैठकें कीं।

बैठक के प्रथम सत्र में मौजूदा विधायकों की बैठक हुई। इसमें जमीनी स्तर पर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, जनता से सीधा संवाद और संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया गया। द्वितीय सत्र की बैठक में श्रीमती इरानी ने लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने और संसदीय क्षेत्रों में विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।

बैठक के तृतीय सत्र में प्रदेश मंत्रिमंडल के साथ बैठक हुई। इस दौरान प्रदेश सरकार की योजनाओं को अधिक जनमानस तक पहुंचाने की अपील की। बैठकों के अंतिम सत्र में भाजपा कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। श्रीमती इरानी के मार्गदर्शन में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों व भावी रणनीतियों पर गहन मंथन कर रूपरेखा तय की गई।

बैठकों में रही इनकी उपस्थिति

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश सह प्रभारी सिध्दार्थ शंभू, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, उप मुख्यमंत्री अरूण साव, विजय शर्मा, सहित मंत्री, सांसद, विधायक व कोर ग्रुप के सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page