
प्रदेश अध्यक्ष अजीत चंद्रवंशी के बिलासपुर प्रवास के दौरान हुई नियुक्ति, पिछड़ा वर्ग के उत्थान पर हुई चर्चा
बिलासपुर।सर्व पिछड़ा वर्ग महासभा छत्तीसगढ़ प्रांत के प्रदेश अध्यक्ष अजीत चंद्रवंशी का बिलासपुर प्रवास हुआ। इस दौरान उन्होंने पिछड़ा वर्ग से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए समाज के उत्थान, विकास और अब तक हासिल उपलब्धियों के लिए किए गए प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने संगठन की भावी कार्ययोजनाओं की जानकारी देते हुए रायपुर में शीघ्र ही प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित किए जाने की बात कही।
इस अवसर पर संगठनात्मक विस्तार एवं महिला नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। जिला अध्यक्ष प्रदीप कौशिक की सहमति से जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति, क्षेत्र क्रमांक 9 की अम्बिका विनोद साहू को सर्व पिछड़ा वर्ग महासभा की महिला जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति को संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और पिछड़ा वर्ग के सामाजिक उत्थान के प्रयासों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बैठक के दौरान पिछड़ा वर्ग के अधिकारों, सामाजिक विकास, संगठन की मजबूती तथा समाज के लोगों को एकजुट कर विकास की मुख्यधारा से जोड़ने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रदेश अध्यक्ष अजीत चंद्रवंशी ने समाजहित में संगठित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर देते हुए आगामी कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने की बात कही।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदेश सचिव ऋषि कश्यप, प्रदेश महामंत्री युवा प्रकोष्ठ अंकित श्रीवास, संभागीय अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ कमल किशोर कश्यप, जिला अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ आनंद श्रीवास, कुर्मी चेतना मंच के प्रदेश कोषाध्यक्ष ईश्वरी चंद्राकर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शिवा माली, जनपद सदस्य कविता यादव तथा जिला सचिव देवेंद्र श्रीवास उपस्थित रहे।

