स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के पदक विजेताओं को दी प्रोत्साहन राशि, उत्कृष्ट खेल मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित राज्य के पहले स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के समापन सत्र में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 में पदक जीतने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों और टीमों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की तथा कहा कि राज्य में खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेषज्ञों के सुझावों और विचार-विमर्श से राज्य में खेलों के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट खेल मिशन के तहत खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को मंजूरी दी गई है, जिन्हें भविष्य में सरकारी नौकरी में लाभ मिलेगा।
बस्तर और सरगुजा ओलंपिक से मिली नई प्रतिभाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने के लिए राज्य में बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे बड़े आयोजनों का सफल आयोजन किया गया। बस्तर ओलंपिक में लगभग 4 लाख और सरगुजा ओलंपिक में साढ़े तीन लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिससे प्रदेश की नई खेल प्रतिभाएं सामने आई हैं।
विशेषज्ञों के सुझावों पर बनेगी कार्ययोजना
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में प्राप्त सुझावों और निष्कर्षों के आधार पर राज्य के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर से ही प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है।
19 पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 में छत्तीसगढ़ ने 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 19 पदक जीते थे। मुख्यमंत्री ने पदक विजेता खिलाड़ियों को घोषित प्रोत्साहन राशि के चेक प्रदान किए।
स्वर्ण पदक विजेता निकिता (भारोत्तोलन) को 2 लाख रुपये, रजत पदक विजेताओं को 1.50 लाख रुपये तथा कांस्य पदक विजेताओं को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।
टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतने वाली महिला फुटबॉल टीम को 22 लाख रुपये, रजत पदक विजेता पुरुष फुटबॉल टीम को 16.50 लाख रुपये तथा कांस्य पदक विजेता पुरुष हॉकी टीम को 9 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक तनुजा सलाम, ओलंपियन जिन्सन जॉनसन, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान, खेल वैज्ञानिक डॉ. रत्नेश सिंह, खेलो इंडिया के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव सहित अनेक खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल अधिकारी और खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।




