संभागीय आयुक्त सत्यनारायण राठौर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जालबांधा एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान का किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने दिए निर्देश

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला प्रतिनिधि KCG
खैरागढ़ : संभागीय आयुक्त सत्यनारायण राठौर द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जालबांधा एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, उपलब्ध सुविधाओं एवं मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जालबांधा में ओपीडी सेवाओं, भर्ती सेवाओं, संस्थागत प्रसव सेवाओं तथा प्रयोगशाला सेवाओं का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी आशीष शर्मा तथा खंड चिकित्सा अधिकारी विवेक बिसेन, डॉ मोहम्मद असलम आदि उपस्थित रहे।
संभागीय आयुक्त ने भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रयोगशाला में उपलब्ध सेवाओं का अवलोकन करते हुए उत्कृष्ट लैब सेवाओं की सराहना की तथा मौसमी बीमारियों के प्रभावी प्रबंधन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जालबांधा को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणन प्राप्त होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने निर्देशित किया कि गुणवत्ता आश्वासन के निर्धारित मानकों को निरंतर बनाए रखते हुए मरीजों को उत्कृष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं।
इसके पश्चात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान का निरीक्षण किया गया, जहां ओपीडी, कैजुअल्टी, भर्ती वार्ड तथा एक्स-रे यूनिट का अवलोकन किया गया। उन्होंने सिजेरियन प्रसव सेवाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अप्रैल से जून माह के दौरान 40 सफल सिजेरियन ऑपरेशन किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चिकित्सकीय टीम की सराहना की। साथ ही आपातकालीन एक्स-रे सेवाओं की उपलब्धता एवं संचालन की जानकारी भी प्राप्त की।
संभागीय आयुक्त ने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने, कायाकल्प एवं राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणन हेतु आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्डों में वेंटिलेशन की व्यवस्था में सुधार, गुणवत्ता विकास संबंधी कार्य जीवन दीप समिति के माध्यम से कराने, पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाने तथा दवाओं एवं आवश्यक जांच सुविधाओं की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान परिसर में वृक्षारोपण करने निर्देशित किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अविनाश ठाकुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा तथा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष बघेल आदि उपस्थित रहे।



