बारिश में बिजली से रहें सतर्क, करंट हादसों से बचाव के लिए बिजली कंपनी की एडवाइजरी जारी

रायपुर, 6 जुलाई 2026। बारिश के मौसम में करंट से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने आम नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। कंपनी ने लोगों से बिजली के खंभों, एचटी लाइनों, ट्रांसफार्मरों और टूटे हुए विद्युत तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने की अपील की है।
कंपनी के अनुसार आंधी-तूफान या बारिश के दौरान यदि कहीं बिजली का खंभा, तार या अन्य विद्युत उपकरण क्षतिग्रस्त दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत टोल-फ्री नंबर 1912, मोर बिजली ऐप या निकटतम वितरण केंद्र एवं जोन कार्यालय में दें।
प्रमुख सावधानियां
- बारिश के दौरान बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और तारों के आसपास जमा पानी में जाने से बचें।
- विद्युत उपकरणों का उपयोग करते समय हाथ-पैर सूखे रखें तथा रबर या प्लास्टिक के जूते-चप्पल पहनें।
- खेतों की बाड़ या कंटीले तारों में बिजली प्रवाहित न करें। यह अवैध होने के साथ जानलेवा भी है।
- बिजली की लाइनों या ट्रांसफार्मरों में खराबी आने पर स्वयं मरम्मत करने का प्रयास न करें।
- बिजली की लाइनों के नीचे निर्माण न करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
- टूटा हुआ बिजली का तार दिखने पर उससे दूर रहें और तुरंत 1912 पर सूचना दें।
- बिजली चोरी या हुकिंग न करें तथा कटे-फटे तारों का उपयोग अस्थायी कनेक्शन के लिए न करें।
- बच्चों को बिजली के उपकरणों और लाइनों के आसपास खेलने से रोकें।
करंट लगने पर क्या करें?
यदि कोई व्यक्ति करंट की चपेट में आ जाए तो सबसे पहले मुख्य स्विच बंद कर बिजली का प्रवाह रोकें। यदि यह संभव न हो तो सूखी लकड़ी, सूखी रस्सी या सूखे कपड़े की सहायता से पीड़ित को बिजली के स्रोत से अलग करें। सीधे हाथ न लगाएं। इसके बाद प्राथमिक उपचार दें, जरूरत पड़ने पर कृत्रिम श्वास दें और तुरंत अस्पताल पहुंचाएं।
बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अंबस्थ ने कहा कि बारिश और आंधी-तूफान के दौरान बिजली व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण होता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर घबराएं नहीं, कुछ समय प्रतीक्षा करें और आवश्यकता होने पर 1912 पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही बिजली कर्मियों को मरम्मत कार्य में सहयोग करें और विद्युत लाइनों व उपकरणों से छेड़छाड़ न करें।
उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर करंट से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है तथा जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।



