झमाझम बारिश से खेतों में लौटी रौनक, समय पर खाद-बीज से बढ़ा किसानों का भरोसा

रायपुर, 6 जुलाई 2026। जून और जुलाई के शुरुआती दिनों में मानसून की सुस्ती से चिंतित किसानों को पिछले कुछ दिनों की झमाझम बारिश ने बड़ी राहत दी है। अच्छी वर्षा के साथ खेतों में बुआई और धान की रोपाई का कार्य तेज हो गया है। समय पर खाद और बीज की उपलब्धता ने किसानों का आत्मविश्वास भी बढ़ाया है।
राज्य में मानसून की सक्रियता के बाद खेतों में पानी भरने लगा है और ग्रामीण इलाकों में खेती-किसानी की रौनक लौट आई है। ट्रैक्टरों की आवाज, खेतों की जुताई और धान की रोपाई में जुटे किसान खरीफ सीजन की अच्छी शुरुआत का संकेत दे रहे हैं।
राज्य शासन ने खरीफ सीजन से पहले ही खाद और गुणवत्तायुक्त बीज की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कर दी थी। इसका लाभ अब किसानों को मिल रहा है। बारिश शुरू होते ही किसान बिना किसी बाधा के खेती के कार्यों में जुट गए हैं।
कोरबा जिले में सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को रियायती दर पर खाद और बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसानों को आवश्यक उर्वरकों के लिए न तो लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है और न ही बाजार के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

करतला स्थित आदिवासी सेवा सहकारी समिति से ग्राम कछार के किसान घनश्याम राठिया ने अपनी साढ़े छह एकड़ खेती के लिए 12 बोरी यूरिया, 6 बोरी डीएपी और 4 बोरी सुपर फॉस्फेट प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि समिति में सभी व्यवस्थाएं सुचारु हैं और उन्हें बिना किसी इंतजार के खाद उपलब्ध हो गया। रियायती दर पर उर्वरक मिलने से खेती की लागत भी कम हुई है।
किसान घनश्याम राठिया ने बताया कि समय पर खाद-बीज और अच्छी बारिश के कारण इस वर्ष खेती की शुरुआत बेहतर हुई है। पूरा परिवार धान की रोपाई में जुटा है और अच्छी पैदावार की उम्मीद है।
राज्य में अनुकूल मौसम, समय पर कृषि आदानों की उपलब्धता और किसानों की सक्रियता ने खरीफ सीजन को नई गति दी है। इससे किसानों में बेहतर उत्पादन और समृद्ध फसल की उम्मीद मजबूत हुई है।



