प्रधानमंत्री के 12 वर्षों के कार्यकाल पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार KCG
विकास, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत की उपलब्धियों को किया गया प्रदर्शित
खैरागढ़, 18 जून 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा अंबेडकर चौक के समीप तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। 18 से 20 जून तक आयोजित इस प्रदर्शनी का शुभारंभ जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की उपस्थिति में किया।
प्रदर्शनी में देश के विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में हुए उल्लेखनीय कार्यों को आकर्षक फोटो पैनलों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों से अवगत कराना है।
फोटो प्रदर्शनी में कृषि क्षेत्र में हुए सुधार, किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से दी गई आर्थिक सहायता, न्यूनतम समर्थन मूल्य की व्यवस्था तथा ई-नाम प्लेटफॉर्म के विस्तार की जानकारी दी गई है। वहीं रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत स्वदेशी रक्षा उत्पादन और निर्यात में हुई वृद्धि को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है।
अधोसंरचना विकास से जुड़े प्रदर्शनों में चिनाब रेलवे ब्रिज, अटल सेतु, राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार तथा वंदे भारत ट्रेनों जैसी परियोजनाओं को शामिल किया गया है। इसके अलावा डिजिटल इंडिया, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, महिला सशक्तिकरण, लखपति दीदी अभियान, युवाओं के लिए अवसर, प्रधानमंत्री आवास योजना, निःशुल्क खाद्यान्न वितरण तथा सांस्कृतिक विरासत संरक्षण से संबंधित उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है।
कार्यक्रम स्थल पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित वीडियो एवं जानकारी प्रदर्शित की जा रही है। जनसंपर्क विभाग द्वारा आगंतुकों को ‘जनमन’ पत्रिका तथा सुशासन विषयक प्रकाशनों का वितरण भी किया जा रहा है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जिला पंचायत सभापति अरुणा सिंह बनाफर, पूर्व जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू, शशांक ताम्रकार, टिके चंदेल, उमा चौबे, प्रीति यादव, देवीन बाई कोठले, महावीर जैन, गोरेलाल वर्मा, आलोक श्रीवास, कोमल वर्मा, मंजीत सिंह, केशव चंदेल, देवकुमार सेन, रेखचंद वर्मा, आनंद सिंह, नीलिमा राजपूर, यतीश साहू, वंदना टांडेकर साहू सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
