उपसंचालक पंचायत ने किया ग्राम पंचायतों का निरीक्षण, कमियां दूर करने के दिए कड़े निर्देश

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ KCG
खैरागढ़ : जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई के उपसंचालक पंचायत गीत कुमार सिन्हा द्वारा जिला अंकेक्षक मोहित राम ध्रुव की उपस्थिति में विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत अकरजन, सिंगारघाट एवं आमदनी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायतों में संधारित किए जाने वाले विभिन्न पंजी, रजिस्टर एवं अन्य अभिलेखों का परीक्षण किया गया।
निरीक्षण में पाया गया कि कई आवश्यक अभिलेख एवं पंजी अद्यतन नहीं हैं तथा संधारण में विभिन्न प्रकार की कमियां विद्यमान हैं। इस पर उपसंचालक पंचायत ने संबंधित सरपंच एवं सचिवों को एक सप्ताह के भीतर सभी कमियों का निराकरण कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं होने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान पंचायतों में आरोपित करों की स्थिति की समीक्षा करते हुए पंचायत समर्थ पोर्टल में करदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने, पंजीयन उपरांत डिमांड जनरेट करने तथा कर वसूली की कार्रवाई एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। पंचायतों की स्वयं की आय (ओएसआर) में वृद्धि के लिए कर संग्रहण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
उपसंचालक पंचायत ने ग्राम पंचायतों में स्थित तालाबों को मत्स्य पालन हेतु लीज पर देने, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा स्वच्छता शुल्क संग्रहण प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इन उपायों से ग्राम पंचायतों की आय में वृद्धि होगी और स्थानीय विकास कार्यों को गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान उपसंचालक पंचायत गीत कुमार सिन्हा एवं जिला अंकेक्षक मोहित राम ध्रुव ने पंचायतों के अभिलेखों, राजस्व वसूली, कर निर्धारण एवं शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया तथा सभी निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया।


