बैगा बहुल ग्रामों में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विशेष अभियान आयोजित

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए महिलाओं को किया गया प्रेरित
खैरागढ़ :
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशानुसार विकासखंड छुईखदान के बैगा बहुल ग्राम हाथी झोला एवं समुंदपानी में महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़ने हेतु विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य बैगा जनजाति की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना एवं उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान पद्मश्री फुलबासन यादव के मार्गदर्शन में महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जुड़ने के लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि समूह से जुड़कर वे न केवल अपनी आय बढ़ा सकती हैं, बल्कि सामाजिक रूप से भी सशक्त बन सकती हैं। साथ ही महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें समूह गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान में लगभग 200 महिलाओं की सहभागिता रही, जिनमें से कई महिलाओं ने स्व-सहायता समूह से जुड़ने की इच्छा व्यक्त की। इस हेतु संभावित सदस्यों की सूची भी तैयार की गई, ताकि आगे समूह गठन की प्रक्रिया को गति दी जा सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अधिकारी-कर्मचारी, डीपीएम, बीपीएम, एसी, पीआरपी, एफएलसीआरपी, सक्रिय महिला, स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह पहल बैगा जनजाति की महिलाओं को आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने एवं सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

