एचपीवी टीकाकरण में तेजी लाएं, चिन्हांकित किशोरियों का जल्द करें टीकाकरण : ईश्वरी साहू

जिला पंचायत की सामान्य सभा में स्वास्थ्य, कृषि और पीएचई विभाग के कामों की समीक्षा

कवर्धा ।जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में स्वास्थ्य, कृषि और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कामों की समीक्षा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने स्वास्थ्य विभाग को एचपीवी टीकाकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिन्हांकित किशोरियों का कैंप लगाकर जल्द टीकाकरण पूरा कराया जाए। इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, लखपति दीदियों और महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से घर-घर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
सीएमएचओ ने बताया कि वर्ष 2026-27 में एचपीवी टीकाकरण का लक्ष्य 12,004 किशोरियों का है। अब तक 4,399 किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है। बैठक में बताया गया कि एचपीवी टीका ह्यूमन पैपिलोमावायरस संक्रमण से होने वाले सर्वाइकल कैंसर, जननांगों के मस्सों सहित अन्य गंभीर बीमारियों से बचाव में मदद करता है।
स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की उपस्थिति पर जोर
जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी ने स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई और रखरखाव के साथ आपात स्थिति में एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ की रोस्टर के अनुसार उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल के पंजीयन कक्ष को सहायता केंद्र के रूप में विकसित करने और जनऔषधि केंद्र को 24 घंटे संचालित करने का सुझाव भी दिया।
सदस्य वीरेंद्र साहू ने ग्राम पंचायत मानिकचैरी में डॉक्टर की उपलब्धता का मुद्दा उठाया, जबकि सदस्य दीपा पप्पू धुर्वे ने ग्राम कंचनार में स्वास्थ्य सुविधाओं का मामला रखा। सीएमएचओ ने दोनों मामलों के जल्द निराकरण का आश्वासन दिया।
1.23 लाख किसानों का ई-केवाईसी
कृषि विभाग की समीक्षा में खरीफ फसल के लिए उर्वरक भंडारण और वितरण की जानकारी दी गई। बताया गया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के 1,23,239 किसानों का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है, जो लक्ष्य का 99.05 प्रतिशत है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और आधार सीडिंग की स्थिति की भी जानकारी दी गई।
1.71 लाख घरों में नल कनेक्शन
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत अब तक 1,71,472 घरेलू नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। 430 गांवों में काम पूरा हो चुका है, जबकि 435 गांवों में काम चल रहा है। 341 गांवों को हर घर जल ग्राम के रूप में प्रमाणित किया गया है।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत अध्यक्ष और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक के बाद पात्र हितग्राहियों को नए राशन कार्ड वितरित किए गए।
