G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया अनावरण

जनजातीय वीर नायकों का साहस, संघर्ष और बलिदान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत : मुख्यमंत्री साय

जनजातीय वीथिका का किया अवलोकन, संस्कृति और गौरवशाली विरासत के संरक्षण पर दिया जोर

रायपुर।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर प्रवास के दौरान गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए देश की स्वतंत्रता, जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उनके संघर्ष एवं बलिदान को याद किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय गौरव, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे। उन्होंने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा विद्यार्थियों और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी।

जनजातीय वीथिका में प्रदर्शित हुई वीर नायकों की गौरवगाथा

मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित जनजातीय वीथिका का अवलोकन किया। यहां प्रदर्शित जनजातीय महापुरुषों के जीवन, संघर्ष, वीरता और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान से संबंधित जानकारियों का अवलोकन कर सराहना की।

उन्होंने कहा कि जनजातीय वीर नायकों का साहस और बलिदान हमारी गौरवशाली विरासत का अमूल्य हिस्सा है। जनजातीय वीथिका के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को अपने महान नायकों के इतिहास, संस्कृति और योगदान को जानने का अवसर मिलेगा। ऐसे प्रयास हमारी समृद्ध विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का संकल्प है कि जनजातीय समाज का हर परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़कर खुशहाली और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़े।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल एवं सुशांत शुक्ला, विश्वविद्यालय के कुलपति आलोक चक्रवाल, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, संभागायुक्त सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page