14 जून को बनेगा योग का विश्व रिकॉर्ड, अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता की अपील
AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार KCG
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियां तेज, 21 जून के आयोजन के लिए योग संगम पोर्टल पर होगा पंजीयन
खैरागढ़ 12 जून 2026// अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर इस वर्ष “योग फॉर हेल्दी एजिंग” (Yoga for Healthy Ageing) थीम के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार 14 जून 2026 को प्रातः 6:15 बजे से 7:35 बजे तक ऑनलाइन योग सत्र का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से अधिकतम लोगों की सहभागिता के साथ गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा। इस अभियान में आमजन की सहभागिता बढ़ाने के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीयन कराने की व्यवस्था की गई है। संबंधित विभागों एवं संस्थाओं को अधिक से अधिक लोगों का पंजीयन कराने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।
आयुष मंत्रालय द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए योग संगम पोर्टल https://yoga.ayush.gov.in/yoga-sangam भी प्रारंभ किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से शासकीय विभाग, शैक्षणिक संस्थान, स्थानीय निकाय, सार्वजनिक उपक्रम, योग संस्थान एवं सामाजिक संगठन 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले योग कार्यक्रमों का पंजीयन कर सकेंगे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद आयोजन का विवरण एवं फोटोग्राफ भी पोर्टल पर अपलोड करना होगा।
प्रशासन ने सभी विभागों, संस्थाओं एवं नागरिकों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सक्रिय भागीदारी निभाने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है, जिससे कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिले।


