ग्राम खौड़ा को मिला नया पंचायत भवन, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने किया लोकार्पण

15 लाख रुपए की लागत से हुआ निर्माण, बोले- पंचायत भवन गांव के विकास और जनकल्याण का प्रमुख केंद्र

खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के विकासखंड छुईखदान के ग्राम खौड़ा में 15 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन का शनिवार को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लोकार्पण किया। उप मुख्यमंत्री अपने जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान ग्राम खौड़ा पहुंचे और नवीन पंचायत भवन का उद्घाटन किया।
लोकार्पण अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार गांवों के समग्र विकास और पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। पंचायत भवन सिर्फ एक कार्यालय नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास, सामाजिक सहभागिता और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन का प्रमुख केंद्र है।
उन्होंने ग्रामीणों से नवीन पंचायत भवन का बेहतर उपयोग करने तथा गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायतों की सक्रिय भागीदारी से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के साथ शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।
ग्रामीणों ने किया स्वागत
नवनिर्मित पंचायत भवन के लोकार्पण से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत भवन के निर्माण से पंचायत संबंधी कार्यों के संचालन में सुविधा होगी और ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं पंचायत गतिविधियों से जुड़ी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार, सरपंच जनेराम पटेल सहित घम्मन साहू, राजेश मेहता, राकेश ठाकुर, राजू जंघेल, पंचायत के पंच हरी पटेल, सुखदेव पटेल, पेशी पटेल, रामनाथ पटेल, उमा बाई यादव, इंदिरा बाई पटेल, जेठिया बाई पटेल, शांति बाई धुर्वे, भूरी बाई पटेल, चम्पू बाई पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

