परिवहन सेवाएं हुईं डिजिटल, घर बैठे बन रहे लाइसेंस और वाहन संबंधी दस्तावेज

कबीरधाम में वित्तीय वर्ष 2025-26 में 53.94 करोड़ रुपये का राजस्व; ऑनलाइन ऑटो अप्रूवल से आवेदकों को राहत

कवर्धा। परिवहन विभाग में डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से नागरिकों को लाइसेंस और वाहन संबंधी सेवाओं का लाभ लेना आसान हो गया है। अब कई सेवाओं के लिए आवेदक मोबाइल से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आधार आधारित आवेदन और ऑनलाइन ऑटो अप्रूवल की सुविधा से लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए परिवहन कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत कम हो रही है।
परिवहन अधिकारी गौरव पाटले ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कबीरधाम जिले में परिवहन विभाग को 53 करोड़ 94 लाख 18 हजार 242 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से जुलाई 2026 तक 16 करोड़ 53 लाख 78 हजार 531 रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया।
ड्राइविंग लाइसेंस की कई सेवाएं ऑनलाइन
विभाग ने ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित कई सेवाओं को आधार नंबर आधारित ऑनलाइन आवेदन प्रणाली से जोड़ते हुए ऑटो अप्रूवल की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसमें लाइसेंस नवीनीकरण, पता परिवर्तन और लाइसेंस की द्वितीय प्रति प्राप्त करने जैसी सेवाएं शामिल हैं। इससे निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर आवेदक ऑनलाइन माध्यम से इन सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं।
वाहन संबंधी कार्यों में भी मिली सुविधा
ड्राइविंग लाइसेंस के अलावा वाहन संबंधी कई सेवाओं को भी डिजिटल बनाया गया है। इनमें वाहन पंजीयन प्रमाणपत्र (आरसी) की द्वितीय प्रति, वाहन का नामांतरण, पता परिवर्तन, वित्तपोषक का नाम दर्ज कराना और वित्तपोषक का नाम हटाना जैसे कार्य शामिल हैं। इन सेवाओं के लिए भी आधार आधारित ऑनलाइन आवेदन और ऑटो अप्रूवल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
समय और खर्च की बचत
ऑनलाइन सेवाओं से नागरिकों को आवेदन के लिए बार-बार परिवहन कार्यालय जाने की परेशानी से राहत मिल रही है। इससे समय और श्रम की बचत होने के साथ सरकारी सेवाओं तक पहुंच भी आसान हो रही है। डिजिटल व्यवस्था से आवेदन प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बनाने में मदद मिल रही है।
डिजिटल प्रशासन को मिल रहा बढ़ावा
परिवहन विभाग की यह पहल सरकारी सेवाओं को तकनीक से जोड़ने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विभाग के अनुसार, ऑनलाइन सेवाओं का विस्तार डिजिटल प्रशासन को बढ़ावा देने के साथ आम लोगों के लिए परिवहन संबंधी कार्यों को सरल बनाने में सहायक हो रहा है।

