राजस्व मामलों में देरी बर्दाश्त नहीं, एक साल से लंबित प्रकरण पहले निपटाएं : कलेक्टर

एसडीएम और तहसील न्यायालयों का औचक निरीक्षण, सभी प्रकरण ऑनलाइन करने के निर्देश

कवर्धा। राजस्व प्रकरणों के निराकरण में देरी और आम नागरिकों की परेशानियों को दूर करने के लिए कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कवर्धा के एसडीएम एवं तहसील न्यायालय तथा पिपरिया तहसील न्यायालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा सहित विभिन्न राजस्व मामलों की समीक्षा कर अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि एक वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। समय-सीमा पार कर चुके प्रकरणों में अनावश्यक देरी न हो और सभी दर्ज प्रकरणों को ऑनलाइन किया जाए, ताकि उनकी स्थिति की निगरानी की जा सके।
पटवारी प्रतिवेदन के अभाव में लंबित मामलों पर फोकस
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उन प्रकरणों की जानकारी ली, जो पटवारी प्रतिवेदन नहीं मिलने के कारण लंबित हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रतिवेदन जल्द प्राप्त कर मामलों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही अनावश्यक रूप से लंबी पेशी देने से बचने और सुनवाई की प्रक्रिया निर्धारित समय के अनुसार पूरी करने को कहा।
पारदर्शी व्यवस्था से मिलेगी लोगों को राहत
कलेक्टर ने न्यायालयों में दर्ज कुल राजस्व प्रकरणों, लंबित मामलों और सुनवाई के लिए तैयार प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने तहसीलदारों से लंबित मामलों के कारणों की जानकारी लेते हुए राजस्व कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली पारदर्शी और व्यवस्थित होनी चाहिए, ताकि आम नागरिकों को अपने मामलों की जानकारी आसानी से मिल सके। लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारियों को सरल प्रक्रिया अपनाकर नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना चाहिए।
अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश
कलेक्टर ने तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और हल्का पटवारियों को आपसी समन्वय से काम करने तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अनावश्यक देरी के कारणों को दूर कर पात्र नागरिकों को समय पर राहत उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान कवर्धा एसडीएम चेतन साहू, तहसीलदार परमेश्वर मांडवी और नायब तहसीलदार विकास जैन उपस्थित रहे।
