आरंग को मिली 128 करोड़ रुपए की विकास सौगात, मुख्यमंत्री साय ने किया लोकार्पण और भूमिपूजन

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के प्रयासों से क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को मिलेगी नई रफ्तार

आरंग/समोदा।आरंग विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम समोदा में आयोजित कार्यक्रम में 128 करोड़ रुपए से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इन कार्यों से क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, नगरीय सुविधाओं और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आरंग विधानसभा के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसका परिणाम अब धरातल पर दिखाई दे रहा है।

67 कार्यों का लोकार्पण, 29 कार्यों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने आरंग विधानसभा में कुल 128 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 21.67 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण हुए 67 कार्यों का लोकार्पण किया गया, जबकि 90.34 करोड़ रुपए के 29 नए कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
लोकार्पित कार्यों में लोक निर्माण विभाग के 9.43 करोड़ रुपए के 3 कार्य, नगर पंचायत समोदा के 6.67 करोड़ रुपए के 20 कार्य, आरंग नगर पालिका के 4.78 करोड़ रुपए के 39 कार्य तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के 79 लाख रुपए के 5 कार्य शामिल हैं।

वहीं भूमिपूजन किए गए कार्यों में लोक निर्माण विभाग के 61.11 करोड़ रुपए के 8 कार्य, नवा रायपुर के सेक्टर-17 कोटराभाठा में 18 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 100 बिस्तरीय हाईटेक अस्पताल, नगर पंचायत समोदा के 8.70 करोड़ रुपए के 9 कार्य और ग्रामीण विकास से जुड़े 2.54 करोड़ रुपए के कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने की महत्वपूर्ण घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्षेत्रवासियों की मांग पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें नगर पंचायत समोदा के शासकीय भवन के प्रथम तल का विस्तार, शासकीय विद्यालय में बाउंड्रीवॉल निर्माण, तुलसी हाई स्कूल को उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उन्नयन तथा रीवा में स्टॉप डेम निर्माण की घोषणा शामिल है।
“विकास कार्यों से बदलेगी आरंग की तस्वीर”
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आरंग विधानसभा क्षेत्र में विकास का नया अध्याय शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में आरंग क्षेत्र विकास की नई पहचान बनाएगा।
मुख्यमंत्री ने की मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के प्रयासों की सराहना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरंग क्षेत्र के विकास के लिए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने देगी और गांव-गांव तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
सरकार की योजनाओं का रखा ब्यौरा
मुख्यमंत्री ने सरकार की प्रमुख योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को लगातार आर्थिक सहायता दी जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने का कार्य तेजी से जारी है।
उन्होंने किसानों के हित में धान खरीदी, बोनस वितरण, रामलला दर्शन योजना, वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
पौधरोपण और छात्राओं को साइकिल वितरण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
वहीं ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल का वितरण भी किया गया। साइकिल मिलने से छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



