पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा द्वारा थाना गातापार टेमरी नवागांव में विजेता टीमो और खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला प्रतिनिधि KCG
अभिनव पहल खैरागढ़ / गातापार : जिला केसीजी पुलिस टीम के द्वारा ग्रामीणों के बीच विश्वास, सहयोग एवं आत्मीय संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत थाना गातापार क्षेत्र के ग्राम टेमरी (नवागांव) में भव्य कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ग्रामीणों, युवाओं एवं खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार गौतम, रक्षित निरीक्षक के. देव राजू एवं थाना प्रभारी गातापार उप निरीक्षक राजकुमार महिलांगे सहित पुलिस अधिकारियों का ग्रामीणों ने पुष्पहार एवं पारंपरिक सम्मान के माध्यम से अधिकारियों का अभिनंदन किया।
सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को दैनिक उपयोग के लिए वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए छाते तथा बैग वितरित किए गए। उपरोक्त सामग्री प्राप्त कर ग्रामीणों एवं बच्चों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुलिस के प्रति आभार जताया।
कबड्डी प्रतियोगिता के समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फाइनल मुकाबले के सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों ने भाग लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद खैरागढ़ की टीम विजेता रही, जबकि गाड़ाघाट की टीम उपविजेता और ग्राम लिमऊटोला की टीम तृतीय स्थान पर रही।
विजेता, उपविजेता एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को पुलिस अधीक्षक द्वारा नगद पुरस्कार, मोमेंटो, बैग एवं अन्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर खिलाड़ियों एवं युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत इस प्रकार के आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते है बल्कि पुलिस एवं स्थानीय समुदाय के बीच विश्वास, सहयोग और सकारात्मक संवाद को भी सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना एवं सकारात्मक सोच का विकास करते हैं तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम में ग्राम टेमरी सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सरपंच, ग्राम पटेल, महिलाएं, पुरुष, युवा एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने केसीजी पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में विश्वास, सद्भाव एवं सहभागिता को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
केसीजी पुलिस की यह पहल इस बात का उदाहरण है कि सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से न केवल खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जा सकता है, बल्कि ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए पुलिस एवं जनता के बीच विश्वास, सुरक्षा और सहभागिता की भावना को भी और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है।


