G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

18 नवंबर को पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम कवर्धा में मनाया जाएगा जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस

जनजातीय गौरव, संस्कृति और परंपराओं का होगा भव्य आयोजन, सांसद संतोष पाण्डेय होंगे मुख्य अतिथि

विभागों द्वारा लगाई जाएगी विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी

जनजातीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण पर रहेगा विशेष जोर

कवर्धा। जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध परंपराओं, संस्कृति एवं महापुरुषों के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से कबीरधाम जिले में 18 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम कवर्धा में आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद संतोष पाण्डेय होंगे। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों पर आधारित विभागीय प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से जनजातीय अंचलों में संचालित विकास योजनाओं, हितग्राहीमूलक योजनाओं तथा शासन की विभिन्न पहलों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी। इसका उद्देश्य जनजातीय समाज के लोगों को शासन की योजनाओं से अवगत कराना तथा उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।

विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं एवं उपलब्धियों की लगाई जाएगी प्रदर्शनी

कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, ग्रामीण संपर्क सड़क एवं राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत एफएचटीसी एवं सामुदायिक जल नल योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। विद्युत एवं क्रेडा विभाग द्वारा नई सौर ऊर्जा योजना, ऑफग्रिड सोलर एवं घरों के विद्युतीकरण से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की जाएगी।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा आयुष विभाग द्वारा मोबाइल चिकित्सा इकाई, स्वास्थ्य शिविर, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं पोषण वाटिका से संबंधित जानकारी दी जाएगी। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा राशन कार्ड, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना एवं पोषण अभियान तथा शिक्षा विभाग द्वारा अनुसूचित क्षेत्रों में शिक्षा के लिए संचालित पहलों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसी प्रकार स्किल डेवलपमेंट विभाग द्वारा स्किल इंडिया मिशन, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा सतत कृषि, कृषि योजनाओं एवं किसान कल्याण से संबंधित जानकारी दी जाएगी। मत्स्य पालन विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना तथा पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा राष्ट्रीय पशुधन मिशन की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग द्वारा जनजातीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण से संबंधित गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी द्वारा आधार कार्ड से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी जारी आदेश के अनुसार कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा तथा सहायक नोडल अधिकारी सहायक आयुक्त आदिवासी विकास लक्ष्मी प्रसाद पटेल होंगे। कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था, शांति व्यवस्था, फायर ब्रिगेड, पेयजल, विद्युत, मंच संचालन, कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार, फोटोग्राफी, आमंत्रण पत्र वितरण एवं आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने दायित्वों का समय पर निर्वहन करते हुए कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें, ताकि जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। जनजातीय गौरव दिवस के माध्यम से जिले की समृद्ध जनजातीय विरासत, लोककला, संस्कृति एवं परंपराओं को सम्मान देने के साथ ही जनजातीय समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए संचालित योजनाओं और शासन की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page