रैम्प योजना अंतर्गत उद्यमिता विकास प्रशिक्षण का सफल समापन

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार
खैरागढ़ // जिले में उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा युवाओं, महिला स्व-सहायता समूहों और नवोदित उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रैम्प योजना अंतर्गत आयोजित उद्यमिता विकास कार्यक्रम (ईडीपी) बैच-3 का सफल समापन शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज खैरागढ़ में हुआ। 5 जून से 19 जून 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिलेभर के 30 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का आयोजन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय तथा राज्य शासन की उद्यमिता संवर्धन पहलों के तहत किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यवसाय स्थापना की प्रक्रिया, उद्यम प्रबंधन, विपणन, वित्तीय प्रबंधन, विभिन्न शासकीय योजनाओं तथा एमएसएमई क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
मास्टर ट्रेनर पारुल पाण्डेय ने प्रशिक्षण सत्रों में उद्यमिता की मूल अवधारणा, सफल उद्यमी बनने के आवश्यक गुण, स्थानीय संसाधनों पर आधारित व्यवसायिक अवसरों की पहचान तथा कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, वनोपज आधारित उद्योग, हथकरघा एवं हस्तशिल्प, धातु निर्माण, पर्यटन एवं सेवा क्षेत्र से जुड़े संभावित उद्यमों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। साथ ही प्रतिभागियों को वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) के अंतर्गत जिले में उपलब्ध संभावनाओं तथा व्यवहारिक व्यवसायिक विचारों की पहचान के संबंध में भी जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने विभिन्न सफल उद्यमों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए प्रतिभागियों को व्यवसाय संचालन की चुनौतियों एवं उनके समाधान के बारे में अवगत कराया। प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें स्वरोजगार के लिए आवश्यक योजनाओं एवं संसाधनों की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत उद्योग रणनीति विषय पर सामूहिक चर्चा आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने व्यवसायिक विचार साझा किए। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रतिभागियों से फीडबैक प्राप्त किया गया, जिसमें उन्होंने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं स्वरोजगार स्थापित करने की दिशा में मार्गदर्शक बताया।
कार्यक्रम का संचालन एवं क्रियान्वयन मास्टर ट्रेनर पारुल पाण्डेय द्वारा किया गया। वहीं कार्यक्रम के सफल आयोजन में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशिक्षण के समापन के साथ प्रतिभागियों में स्वरोजगार एवं उद्यमिता के प्रति नया उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।

