शाला प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया, विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार
खैरागढ़ //अचानकपुर जिला केसीजी के बहुचर्चित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला अचानकपुर में शाला प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया गया तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के योगदान की सराहना की गई।
विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि कक्षा 5वीं के छात्र टामेन्द्र साहू का चयन नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ में हुआ है। वहीं कक्षा 8वीं के छात्र नूतन साहू का चयन प्रयास आवासीय विद्यालय में हुआ, जहां वह वर्तमान में रायपुर में अध्ययनरत है। इसी प्रकार छात्रा केशरी यादव ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। इस उपलब्धि के तहत छात्रा को कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रतिवर्ष 12 हजार रुपए की छात्रवृत्ति प्राप्त होगी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, स्वच्छता बनाए रखने तथा शिक्षा के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। साथ ही पालकों से बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजने और उनकी पढ़ाई में सहयोग करने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य प्रेमलाल साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर दिनेश साहू, प्राचार्य बलदाऊ जंगल, ठाकुर टोला के दाऊराम साहू, मनोज साहू तथा शिक्षक पन्नालाल जंघेल, चेतराम वर्मा, प्रमोद साहू, उजय जंघेल, कामडे मैम, नेतराम कुंभकार सहित पालकगण, विद्यार्थी एवं रसोइया दीदी उपस्थित रहीं।
विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन एवं पालकों के सहयोग से विद्यालय भविष्य में भी उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रयासरत रहेगा।


