ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु खैरागढ़ विकासखंड में विशेष यूजर चार्ज कलेक्शन शिविर आयोजित

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ KCG
खैरागढ़ : स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं ग्राम स्तर पर स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत खैरागढ़ की सभी ग्राम पंचायतों में दिनांक 17 जून 2026 को यूजर चार्ज (स्वच्छता शुल्क) कलेक्शन हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। यह अभियान जिला कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देश, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा जनपद पंचायत खैरागढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) हिमांशु गुप्ता के नेतृत्व में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों में जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। शिविरों में सरपंच, उपसरपंच, पंचगण, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, स्वच्छग्राही, महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्य एवं ग्रामीण नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ग्राम स्तर पर घर-घर संपर्क कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया तथा नियमित यूजर चार्ज जमा करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत विकासखंड की ग्राम पंचायतों द्वारा एक ही दिन में कुल ₹1,60,530 का यूजर चार्ज संग्रहण किया गया, जो ग्रामीण स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह राशि ग्राम पंचायतों में संचालित ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन गतिविधियों, कचरा संग्रहण, परिवहन, पृथक्करण एवं निस्तारण व्यवस्था को बेहतर बनाने में उपयोग की जाएगी।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के तहत स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक अपशिष्ट में कमी, जैविक कचरे से खाद निर्माण, पुनर्चक्रण योग्य सामग्री के पुनः उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण पर विशेष बल दिया गया है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन से गांवों में स्वच्छता की स्थिति में सुधार होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण सुनिश्चित होगा।
यूजर चार्ज कलेक्शन शिविर के साथ-साथ प्रत्येक ग्राम पंचायत में घर-घर कचरा संग्रहण एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान भी संचालित किया जा रहा है। ग्रामीणों को नियमित स्वच्छता शुल्क जमा करने एवं गीले-सूखे कचरे को पृथक रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
“स्वच्छ ग्राम – स्वस्थ ग्राम, यूजर चार्ज भुगतान बने जन-अभियान” की भावना के साथ जनपद पंचायत खैरागढ़ ग्रामीण स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
