G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

SI भर्ती परिणाम पर कांग्रेस ने भ्रम फैलाया : भाजयुमो

राहुल टिकरिहा बोले- अभ्यर्थियों के नाम पर सवाल उठाकर युवाओं की मेहनत का अपमान, बघेल-बैज माफी मांगें

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के हालिया परिणाम को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने पलटवार किया है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कांग्रेस के आरोपों को भ्रामक और तथ्यहीन बताते हुए कहा कि अभ्यर्थियों के नाम को लेकर सवाल उठाकर कांग्रेस प्रदेश के युवाओं की मेहनत और योग्यता का अपमान कर रही है।

शनिवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में टिकरिहा ने अभ्यर्थियों के आवेदन पत्र, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज और अभ्यर्थियों के वीडियो मीडिया के सामने प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि सीजीपीएससी ने आधिकारिक पत्र के माध्यम से स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों के नाम वैध दस्तावेजों के आधार पर दर्ज किए गए हैं।

टिकरिहा ने कांग्रेस नेताओं द्वारा सोशल मीडिया पर ‘न्यूज’, ‘स्पेस रानी’, ‘तुफैल’ और ‘हे राम’ जैसे नामों का उल्लेख किए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों के नाम को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने अभ्यर्थी न्यूज़ कुमार प्रधान का उदाहरण देते हुए कहा कि दस्तावेजों में नाम दर्ज होने की प्रक्रिया के कारण ऐसा अंतर आया है। अभ्यर्थी हे राम ने भी वीडियो के माध्यम से अपनी मेहनत से परीक्षा में सफलता मिलने की बात कही।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस बिना पूरी जानकारी और तथ्य के युवाओं के चयन पर सवाल उठा रही है। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए वर्ष 2023 के सीजीपीएससी परिणाम का भी उल्लेख किया। टिकरिहा ने दावा किया कि पिछली सरकार के दौरान एसआई भर्ती प्रक्रिया लंबे समय तक अटकी रही।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उनके अनुसार, पूर्व में अटकी एसआई भर्ती को आगे बढ़ाते हुए 971 पदों पर प्रक्रिया पूरी की गई है, जबकि वर्तमान में एएसआई और एसआई के 341 पदों पर नई भर्ती प्रक्रिया जारी है।

टिकरिहा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज से अभ्यर्थियों के नाम को लेकर की गई टिप्पणियों पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

पत्रकार वार्ता में भाजयुमो प्रदेश मंत्री विशाल पाण्डेय, प्रदेश मीडिया प्रभारी वासु शर्मा, रायपुर जिला अध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी, ग्रामीण जिला अध्यक्ष पिंटू साहू, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी अनमोल तिवारी एवं सुनील शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page